गाजियाबाद के लोनी में बुजुर्ग तांत्रिक को पीटने के बाद उसकी दाढ़ी काटने के का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वाले उम्मेद पहलवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि उम्मेद को दिल्ली के लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे गाजियाबाद लाया जा रहा है। भड़काऊ वीडियो वायरल करने के संबंध में उससे पूछताछ की जाएगी
बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी बुजुर्ग तांत्रिक अब्दुल समद की दाढ़ी काटने के मामले में गुलशन उर्फ पोली को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुलशन सरेंडर करने कोर्ट जा रहा था, उसी वक्त पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दाढ़ी काटे जाने की घटना की जांच में पूरा सच सामने आ जाने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस का कहना है कि असली घटना समद के साथ मारपीट और दाढ़ी काटे जाने की हुई थी। इसी को सांप्रदायिक रंग देने की साजिश उम्मेद पहलवान ने रची। समद ने सच्चाई को छिपाए रखा। पुलिस ने केस डायरी में सभी आरोपियों की भूमिका साफ कर दी है। हालांकि, लिखा- पढ़ी में अभी तक समद को आरोपी नहीं बनाया गया है।







