बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मंगलवार को एक तालाब में पांच लड़कियों की डूबने से जान चली गई। एक पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रक्सौल अनुमंडल के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के अहिरोलिया गांव में दोपहर दो बजे के करीब 4 से 12 साल की लड़कियां डूब गईं। इस घटना के बाद लड़कियों के घरों में पसरा मातम।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह घटना उस समय घटी, जब ये सभी लड़कियां तालाब में घोंघे चुन रही थीं। उन्होंने एक जंजीर बना ली थी और धीरे-धीरे तालाब की गहराई में चली गईं। जब उन्होंने देखा कि विपरीत दिशा से तेज गति से पानी आ रहा है, तो सभी पांच लड़कियां वापस भागने लगीं। लेकिन वे पानी में गिर गईं जिससे बाद सभी पांच लड़कियों की डूबने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कोशिला कुमारी (10), सीमा कुमारी (4), सुग्गी कुमारी (12), संगीता कुमारी (10) और शोभा कुमारी (12) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।







