उत्तराखंड और यूपी के बीच परिसंपत्तियों के पुराने विवाद सुलझाने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर परिसंपत्तियों के लंबित मामलों पर चर्चा की। योगी ने सभी मसलों पर जल्द सकारात्मक कार्यवाही की बात कही।
इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी चर्चा की गई। पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की चर्चा करते हुए शेष मामलों के समयबद्ध समाधान तथा संबंधित निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। बताया कि दोनों राज्यों के बीच पूर्व में बनी सहमति के आधार पर कई प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही पूरी हो चुकी है। वहीं, योगी आदित्यनाथ ने सभी मसलों पर जल्द सकारात्मक पहल की बात कही।







