यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए अंतिम दौर में सुधार कार्य चल रहे हैं लेकिन राम मंदिर के पास क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग अब भी चिंता का कारण बना है। बीते 29 जुलाई को क्षतिग्रस्त हुए हिस्से पर सुधार कार्य की गति धीमी होने से श्रद्धालुओं और घोड़े-खच्चरों की आवाजाही जोखिम के बीच जारी है। पैदल मार्ग का एक हिस्सा भीतर से खोखला होने के कारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय महावीर पंवार, मनमोहन उनियाल और सुरेश उनियाल ने कहा कि यात्रा मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और घोड़े-खच्चर गुजरते हैं। खोखले हिस्से की तत्काल मरम्मत नहीं हुई तो यह बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराने के साथ निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन करवाने की मांग की। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के अंतिम प्रयासों के बीच यह अधूरा हिस्सा व्यवस्था की तैयारियों पर भी सवाल खड़ा कर रहा है।








