पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहा ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब आठवें दिन में प्रवेश गया है। पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का युद्ध को लेकर सख्त रवैया और खाड़ी देशों में बढ़ता संघर्ष, वैश्विक राजनीति के लिया बड़ा संकट साबित होता दिख रहा है। भारत ने कहा है कि तेजी से बदलती परिस्थितियों पर सरकार की पैनी नजर है।
दुबई मरीना में टावर को मलबे से नुकसान, एयर डिफेंस ने आसमान से आए खतरे को रोका
दुबई प्रशासन ने पुष्टि की है कि दुबई मरीना इलाके में स्थित एक टावर को मलबे से नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के मुताबिक यह मलबा उस समय गिरा जब एयर डिफेंस सिस्टम ने आसमान से आए एक संभावित खतरे को बीच में ही रोक दिया। इंटरसेप्शन के बाद कुछ टुकड़े नीचे गिरे, जिससे टावर के एक हिस्से को हल्का नुकसान हुआ। प्रशासन ने बताया कि घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को तुरंत घेर लिया और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। जांच एजेंसियां अब घटना के कारण और खतरे की प्रकृति की जांच कर रही हैं।







