राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक व दो नवंबर को उत्तराखंड दौरे पर आएंगी। राष्ट्रपति पहली बार बाबा केदार के दर्शन करने जाएंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शासन व प्रशासन सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं में जुट गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उत्तराखंड आने का कार्यक्रम है। इसकी पीएमओ से तिथि तय होनी बाकी है।
रुद्रप्रयाग डीएम ने की बैठक
डीएम ने बताया कि नवंबर के प्रथम सप्ताह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए केदारनाथ धाम पहुंचकर प्रस्तावित भ्रमण के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के भ्रमण की तैयारियों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत और जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर आदि मौजूद रहे।
पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम पहुंचकर पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आस्थापथ, निर्माणाधीन गेस्ट हाउस, विभिन्न मार्गों और अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आगामी यात्रा से पहले अधिकाधिक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को अगले डेढ़ माह तक निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने को कहा। कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और अधिकारी आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी करें।








