पश्चिमी उत्तरप्रदेश के शातिर बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य सेलाकुई थाना पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी 13 बाइक बरामद की है। सामने आया कि दोनों अपने शौक पूरा करने के लिए चोरी करते थे। सभी चोरी की गई बाइक एक ही कंपनी के एक विशेष मॉडल की हैं। सभी बाइक पुलिस को बिना नंबर प्लेट के मिली। पुलिस बाइक के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरोह काफी समय से पछवादून क्षेत्र में सक्रिय था।
जानकारी के अनुसार 10 से 14 मार्च के बीच भाऊवाला पैठ बाजार से एक ठेकेदार की बाइक चोरी हो गई थी। ठेकेदार जोगराज की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने बाइक चोर की तलाश शुरू की। सीओ प्रेमनगर रीना राठौर ने शुक्रवार को थाने में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा की फुटेज से चोरों की पहचान की। थाना प्रभारी शैंकी कुमार के नेतृत्व में चोरों की गिरफ्तारी कि लिए टीम गठित की गई। शहर में जगह-जगह वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। पुलिस ने सेलाकुई में चेकिंग के दौरान उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ग्राम देहरा अजीतपुर निवासी शोभित राज और कन्नौज जिले के ग्राम मंडपुरा निवासी गौतम सिंह को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया।







