मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा निरस्त कर दिया गया है। मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री अब दिल्ली रवाना होंगे। पहले उनका कार्यक्रम फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करने का था। इस अचानक बदलाव ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में चल रही भाजपा की बैठक में शामिल होने के बाद बरसाना जाना था, जहां उन्हें दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करनी थी। इसके बाद हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचकर शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात करने का प्रस्ताव था।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। शमशाबाद रोड स्थित आवास तक जाने वाले मार्ग पर सड़क मरम्मत, विशेष सफाई अभियान और अतिक्रमण हटाने के साथ सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। हालांकि, आगरा का कार्यक्रम निरस्त होने के बाद इन तैयारियों पर विराम लग गया है।






