यूपी के एटा में तीन युवकों की शराब पीने के बाद मौत से किशोरपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। तीनों जिगरी दोस्तों की चिताएं पास-पास लगाई गईं। जीतू और शिवकुमार का अंतिम संस्कार सुबह किया गया। वहीं अजीत के अंतिम संस्कार पिता के नासिक से आने के बाद देर शाम किया गया। तीनों दोस्तों की चिताएं जलते देख पूरा गांव रोया।
तड़के तीन बजे गांव पहुंचा तीनों का शव
गुरुवार तड़के करीब तीन बजे तीनों युवकों के शव गांव पहुंचे तो भीड़ एकत्रित हो गई। परिजनों की चीख-पुकार सुबह के सन्नाटे को चीर रही थी। दिन होते-होते आसपास के गांवों के लोग भी गांव पहुंच गए। निधौली कलां, पिलुआ, अवागढ़, जलेसर समेत कई थानों का पुलिसबल गांव में तैनात रहा। सुबह 11 बजे करीब शिव कुमार और जीतू के शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाए गए। दोनों दोस्तों की पास-पास चिता लगाई गई।
दो दोस्तों की लाशें सुबह तो एक की शाम को जली
शिवकुमार को उसके बड़े भाई कुशलेंद्र और जीतू को भाई प्रेम चंद ने मुखाग्नि दी। अजीत के पिता चंद्रपाल नासिक में टमाटर का कारोबार करते हैं। वह दिवाली पर नहीं आए थे। बेटे की मौत की खबर पर झेलम एक्सप्रेस से वह टूंडला पहुंचे। यहां से शाम सात बजे गांव पहुंचे। बेटे को मृत हालत में देख वह फूट-फूटकर रोने लगे। यह देख सभी की आंखें नम हो गईं।
अजीत के परिवार में भाई, बहन और मां रोते-रोते बेहोश हो गए। अजीत की बहन को उठाकर भीड़ से अलग किया। मुंह पर पानी डालने पर उसे होश आया। इसके बाद वह फिर से भाई को याद कर विलाप करने लगी। देर शाम अजीत का अंतिम संस्कार किया गया। उसकी चिता भी दोनों दोस्तों के पास लगाई गई।
खाद्य विभाग की टीम ने लिए नमूने
घटना के बाद खाद्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वहां युवकों ने शराब के साथ मटर वाली नमकीन का सेवन किया। टीम ने नमकीन का सैंपल भी जांच के लिए भेजा है।
अंग्रेजी, देसी शराब और भांग के गोले के एक साथ सेवन से मौत होने का अंदेशा है। फिर भी एहतियातन 8 पीएम ब्रांड की शराब की बिक्री रोक दी गई है। आबकारी टीमें अन्य दुकानों की चेकिंग कर रही हैं। -डॉ. इलामारन जि. एसएसपी







