उत्तरप्रदेश में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। चुभती ठंड और ठिठुराने वाली पछुआ हवाओं से प्रदेश के तराई और पूर्वांचल के इलाकों में जनजीवन और यातायात दोनों प्रभावित है। शुक्रवार को सुबह कोहरे की मोटी चादर की वजह से राजधानी लखनऊ समेत प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कुशीनगर, सहारनपुर, बलिया, मुरादाबाद, अलीगढ़ जैसे कई शहरों में दृश्यता शून्य हो गई। वहीं गलन भरी पछुआ हवाओं से पूर्वांचल और तराई के ज्यादातर इलाकों में दिन के तापमान भारी गिरावट आई और शीत दिवस के हालात रहे। वहीं रात में भी कई शहरों में तापमान में बड़ी गिरावट आई और 5.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ मेरठ में सबसे ठंडी रात रही।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 22 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है यानी इन इलाकों में घने कोहरे से दृश्यता शून्य तक जा सकती है। वहीं 15 जिलों में अत्यंत शीत दिवस होने की संभावना जताई है।







