Post Views: 14,572
उत्तरप्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत हो गया है। समाजवादी पार्टी के एक कद्दावर नेता और आजमगढ़ जिले की निजामाबाद सीट से पांच बार विधायक रहे आलमबदी आजमी का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे आजमी ने अपने गृह जनपद आजमगढ़ में अंतिम सांस ली।
आलमबदी आजमी को उनकी सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा दुख व्याप्त है। उनके निधन की जानकारी उनके सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से दी गई।
सपा सांसद इकरा हसन ने भी एक्स पर पोस्ट कर विधायक आलम बदी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा आजमगढ़ के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक जनाब आलम बदी आजमी साहब के इंतकाल की खबर बेहद अफसोसनाक है। उनका जाना मिल्लत, समाज और सियासत के लिए एक बड़ा खसारा है। उनकी खदमात और खुलूस को हमेशा याद रखा जाएगा।
सपा सांसद आदित्य यादव ने भी उनके निधन को बड़ी क्षति बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा- समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं आज़मगढ़ की निज़ामाबाद विधानसभा से कई बार के विधायक आलम बदी साहब के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।