छत पर रखा सिलिंडर गर्मी से फटा, 100 मीटर दूर तक गिरे टुकड़े, दीवारों में दरारें, ब्लास्ट का एक कारण ये भी

मुरादाबाद शहर की बेहद घनी आबादी वाले लालबाग में शनिवार की दोपहर मकान की तीसरी मंजिल की छत पर रखा गैस सिलिंडर गर्मी के चलते फट गया। उस वक्त पारा 40 डिग्री के पार था और पास में लगी एसी की आउटडोर यूनिट की तपिश सिलिंडर झेल नहीं पाया। सिलिंडर के टुकड़े 100 मीटर दूर तक जाकर गिरे। आस-पड़ोस के कई मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं। तेज धमाके और धुआं होने से लोग सहम गए।

 

मुगलपुरा थाना क्षेत्र के लालबाग कहारों वाले मंदिर के पास गली नंबर एक में मो. इमरान का तीन मंजिला मकान है। मो. इमरान का डिश केबल का काम करते हैं। शुक्रवार की रात उनके घर मेहमान आए थे। गर्मी होने के कारण मेहमानों के लिए मकान की छत पर खाना बनाया गया था।

 

खाना खाने के बाद मेहमान अपने घर चले गए थे और मो. इमरान के परिजन छत पर ही गैस सिलिंडर व अन्य सामान छोड़कर सो गए थे। जिस जगह सिलिंडर रखा था, उसके पास ही एसी की आउटडोर यूनिट लगी थी।

Cylinder Explodes Due to Heat in Moradabad Fragments Land Up to 100 Meters Away

100 मीटर दूर तक गिरे टुकड़े
मो. इमरान और उनके परिजनों का कहना है कि शनिवार की दोपहर करीब एक बजे भीषण गर्मी और एसी की आउटडोर यूनिट की तपिश के कारण गैस सिलिंडर तेज आवाज के साथ फट गया। दीवार तोड़ते हुए सिलिंडर के टुकड़े दूसरे मकानों की छतों तक पहुंच गए। करीब 100 मीटर दूर तक टुकड़े गिरे और ईंटें हवा में उछल गईं।

 

सिलिंडर के टुकड़े से पड़ोसी दीपक दिवाकर के मकान की छत पर रखी पानी की टंकी फट गई। दूसरे पड़ोसी कलुआ के मकान की छत पर भी टुकड़े गिरे। गौरव दिवाकर, रितिक के मकान में दरारें पड़ गईं।
गनीमत रही कि उस वक्त गर्मी होने के कारण छतों और गलियों में लोग मौजूद नहीं थे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकले तो वह नजारा देखकर सहम गए।
हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि गैस सिलिंडर छत पर रखा था। बराबर में एसी की आउटडोर यूनिट लगी थी। धूप और यूनिट की तपिश से सिलिंडर फटने की बात सामने आई है। कोई जनहानि नहीं हुई है।
बाइक और गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे कर्मचारी
सीएफओ राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ था वहां गाड़ी पहुंचना मुश्किल था। इसलिए वहां एक बाइक भी भेजी गई थी। हालांकि ब्लास्ट होने से आग नहीं लगी थी। टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर वापस आ गई।
कुछ देर तक तो समझ नहीं पाए कि हुआ क्या
छत पर रखे सिलिंडर में अचानक हुए ब्लास्ट के बाद कुछ देर तो लोग समझ नहीं पाए हुआ क्या। लाल बाग में रहने वाले गौरव, दीपक और राजेश, मो. फुरकान का कहना है कि तेज गर्मी के कारण अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे। दोपहर करीब एक बजे अचानक धमाका हो गया। धमाका छत पर हुआ था। जिस कारण कुछ समझ नहीं आया। छतों पर ईंट और सिलिंडर के टुकड़े पड़े थे।
छत पर धमाका होने से अलर्ट हुआ खुफिया विभाग
मुगलपुरा क्षेत्र में एक मकान की छत पर धमाका होने से सोशल मीडिया पर तरह-तरह की सूचनाएं चलने लगीं। जिसके बाद पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट हो गया। पुलिस और एलआईयू की टीम ने भी मौके पर जाकर पड़ताल की और लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद साफ हुआ कि सिलिंडर में धमाका हुआ था।
गर्मी में बरतें सावधानी
मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय का कहना है कि एलपीजी सिलिंडर को हमेशा ठंडी, हवादार और छायादार जगह पर सीधा करके रखें। सिलिंडर को धूप, गर्मी देने वाले उपकरणों के पास न रखें। यदि रात में छत या खुले जगह पर गैस सिलिंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो धूप आने से पहले उसे वहां से हटा लें। हीट ज्यादा होने से सिलिंडर में धमाका हो सकता है।
और पढ़े  योगी कैबिनेट: चुनावों से पहले हर वर्ग को खुश करने की कोशिश, किसानों को मिलेगा सस्ता लोन, अग्निवीरों को आरक्षण
  • Related Posts

    UPPSC : पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, 2297 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए सफल

    उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य (लिखित) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल 10,284 अभ्यर्थियों…

    सेंट्रल मार्केट मेरठ: बैंक्वेट हॉल समेत 6 भवनों में 5 कॉम्प्लेक्स, 35 दुकानें जमींदोज

    शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में सील किए गए 44 भवनों में से छह को बुधवार को भारी फोर्स की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। ये सभी आवासीय…