रुद्रपुर में संभागीय परिवहन विभाग में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर वाली दो कारें मिली हैं। दोनों कारों के मालिक अलग-अलग हैं। मामला सामने आने के बाद परिवहन विभाग के अधिकारी भी हैरान हैं।
एआरटीओ कार्यालय में दस्तावेज की जांच की गई तो पता चला कि इसी नंबर की दूसरी कार नीरज कुमार के नाम पर पंजीकृत है। नीरज कुमार ग्राम धमोला कालाढूंगी नैनीताल के निवासी हैं। उप सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी ने नीरज कुमार को उनकी कार के साथ कार्यालय बुलाया।
दोनों वाहनों को सामने देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। संभागीय परिवहन विभाग के तकनीकी अधिकारी ने दोनों कारों की जांच की तो दोनों के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर एक ही पाए गए। इससे मामला सुलझने के बजाय और उलझ गया। नीरज कुमार ने बताया कि उन्होंने यह कार केलाखेड़ा के एक डीलर से खरीदी थी। डीलर ने बताया कि उसने वाहन सहदेव कुमार पाल नाम के एक व्यक्ति से खरीदा था। हालांकि वह सहदेव कुमार पाल दूसरा व्यक्ति था। इसके बाद उस दूसरे सहदेव का आधार कार्ड सामने आया तो उसका आधार नंबर भी शिकायतकर्ता सहदेव कुमार पाल के आधार नंबर से समान पाया गया। हालांकि दोनों के आधार कार्ड में जन्मतिथि और फोटो अलग-अलग मिले। परिवहन विभाग पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि एक ही रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर वाली दो कारें कैसे पंजीकृत हुईं। साथ ही दोनों व्यक्तियों के आधार नंबर भी एक समान कैसे पाए गए।
मामला संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। हरिद्वार निवासी सहदेव के नाम पर जो कार है वह सही है। दूसरे व्यक्ति के नाम पर कार कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है। इस मामले अगर एजेंसी की गलती पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी -एआरटीओ, मोहित कोठारी






