जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट है। हाईवे से लेकर रेलवे स्टेशन तक चप्पे-चप्पे को सुरक्षाबल खंगाल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर नियंत्रण रेखा (एलओसी) तक सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्री और निजी वाहनों की जांच की जा रही है। पुंछ जिले की पुलिस ने आतंकियों की सूचना देने पर पांच लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, कश्मीर में होटलों-रेस्टोरेंटों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली कार धमाके की जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है आतंकियों के मंसूबे से भी पर्दा उठ रहा है। आतंकी दिल्ली की तरह जम्मू-कश्मीर में भी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसको लेकर खुफिया इनपुट मिलने पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। सीसीटीवी कैमरों से हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। जम्मू जिले में शहरी व सीमावर्ती इलाकों में सोमवार तड़के से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों ने भी अपनी गश्त बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस व सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। विशेष नाके लगाकर तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।









