शहर के चंद्रपुरी क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। भूसे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में छात्र की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी अंबर तालाब निवासी वैभव जुनेजा हरिद्वार रोड स्थित कोर कॉलेज का छात्र था। वह दोपहर के समय बाइक से दुर्गा चौक से बीएसएम तिराहे की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चंद्रपुरी में रिक्शा स्टैंड के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वैभव सड़क पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।







