दिल्ली में बदला प्रदूषण का ट्रेंड: पीएम 2.5 की जगह पीएम 10 हावी, एनसीआर में स्रोतों की नए सिरे से होगी पहचान

राजधानी की हवा ने शुक्रवार को एक बार फिर करवट ली। दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 226 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। पिछले कुछ दिनों से गंभीर प्रदूषण से मिली राहत के बीच हवा में प्रदूषण का एक नया ट्रेंड सामने आया है। अब कई इलाकों में पीएम 2.5 के बजाय पीएम 10 यानी मोटे धूल कण प्रमुख प्रदूषक बन गए हैं।

सीपीसीबी के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 56 मान्य निगरानी केंद्रों में से 14 पर पीएम 10 प्रमुख प्रदूषक रहा। सबसे अधिक एक्यूआई 346 आईजीआई एयरपोर्ट (टी-3) में दर्ज किया गया। यहां पीएम 10 का स्तर प्रमुख रहा। इसके अलावा सीआरआरआई मथुरा रोड में 314, डीटीयू में 304 और नॉर्थ कैंपस में 300 एक्यूआई दर्ज हुआ। इन चारों केंद्रों पर हवा बहुत खराब श्रेणी में रही।
अन्य इलाकों की बात करें तो बुराड़ी क्रॉसिंग में 294, पूसा के आईआईटीएम केंद्र में 293, घोघा में 288, आईटीओ में 286 और वजीरपुर में 285 एक्यूआई दर्ज किया गया। आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि निर्माण गतिविधियों और सड़कों से उड़ने वाली धूल राजधानी में प्रदूषण की बड़ी वजह बनी हुई है। वहीं, बीते दिन 57 निगरानी केंद्रों के आंकड़े उपलब्ध थे। कैंटोनमेंट क्षेत्र और एनएसयूटी जाफरपुर में पर्याप्त आंकड़े नहीं मिले। उपलब्ध आंकड़ों में 45 केंद्रों पर एक्यूआई 200 से अधिक रहा।
इन इलाकों में हवा रही अपेक्षाकृत साफ
राजधानी में कुछ इलाके ऐसे भी रहे, जहां प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से कम दर्ज किया गया। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में सबसे कम 130 एक्यूआई रहा। डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 142, लोधी रोड में 146, नजफगढ़ में 151 और मंदिर मार्ग व आईएमडी लोधी रोड में 153 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, डीटीयू और नॉर्थ कैंपस में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक बना रहा।

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के स्रोतों की नए सिरे से होगी पहचान
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के असल स्रोतों की पहचान करने और उनमें अलग-अलग क्षेत्रों की हिस्सेदारी का पता लगाने के लिए उत्सर्जन सूची और स्रोत विभाजन अध्ययन किया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 2026 को आधार वर्ष मानकर प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों से होने वाले उत्सर्जन का आकलन किया जा रहा है।

केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने शुक्रवार को आईआईटी दिल्ली में इस अध्ययन की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में परियोजना समीक्षा समिति के सदस्यों, अध्ययन से जुड़ी संस्थाओं और आयोग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अध्ययन में परिवहन, औद्योगिक इकाइयों, खुले में कचरा और अन्य सामग्री जलाने, घरेलू गतिविधियों, सड़क की धूल, निर्माण कार्य, डीजल जनरेटर और कृषि क्षेत्र से होने वाले प्रदूषण को शामिल किया गया है।

और पढ़े  जाकिर नाइक की बढ़ेंगी मुश्किलें: केंद्र ने राज्यों को दिया अधिकार, संगठन के वित्तीय संसाधनों पर कसेगा शिकंजा

अध्ययन में अलग-अलग क्षेत्रों से होने वाले उत्सर्जन के कारकों को भी नए सिरे से अपडेट किया जा रहा है। सीएक्यूएम अध्यक्ष ने संबंधित संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर अध्ययन पूरा करने के निर्देश दिए। इस अध्ययन से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के अलग-अलग स्रोतों की हिस्सेदारी समझने और नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम तय करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

प्रदूषण रोकने के ठोस उपाय नहीं होने पर सदन में उठे सवाल
दिल्ली में प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बीच इसकी रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने और शहर में सफाई व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा शुक्रवार को एमसीडी सदन की बैठक में उठा। पार्षदों ने कहा कि एक ओर प्रदूषण कम करने के लिए तमाम प्रयासों की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में सड़कों पर धूल जमा है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।पार्षदों ने कहा, सड़कों से धूल हटाने और कचरे का नियमित उठान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पार्षदों ने प्रदूषण और स्वच्छता की समस्या से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की जरूरत बताई।

बैठक में प्रदूषण और स्वच्छता के मुद्दों पर विभिन्न दलों के पार्षदों ने चर्चा की और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सामने रखीं। पार्षदों का कहना था कि प्रदूषण की रोकथाम केवल बैठकों और निर्देशों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर भी इसका असर दिखाई देना चाहिए। सड़कों की नियमित सफाई, धूल हटाने, कूड़े का समय पर उठान और खुले में पड़े कचरे का निस्तारण सुनिश्चित करना जरूरी है।

और पढ़े  गोधरा कांड के दोषी को राहत: 18 साल से बंद कैदी की उम्रकैद पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, क्या है वजह?

बैठक में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि इन कर्मचारियों की नियुक्ति से विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमित सफाई कार्य सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी करने की बात कही।

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी : रेखा गुप्ता
दिल्ली की सड़कों से धूल हटाने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेंसर से लैस आधुनिक मशीनों की मदद ली जाएगी। इन मशीनों के कामकाज पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। मशीनों ने कितनी दूरी तय की, कितने घंटे काम किया और कितनी धूल एकत्रित की, इसकी निगरानी आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम से होगी। इस तकनीक से लैस 10 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और नौ सहायक वाहनों को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एमसीडी मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को लंबे समय से आधुनिक सफाई व्यवस्था की जरूरत थी। इस कड़ी में 70 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों को एमसीडी के बेड़े में शामिल करने से राजधानी की सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। पहले चरण में 10 मशीनें दिल्ली पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष 60 मशीनें भी जल्द शामिल की जाएंगी। वर्तमान में एमसीडी के पास 66 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें हैं। सभी 70 नई मशीनें शामिल होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 136 हो जाएगी। इससे प्रतिदिन करीब 5000 किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई की यांत्रिक सफाई संभव हो सकेगी।

और पढ़े  उत्तर रेलवे: कोहरे के कारण दिल्ली से चलने वाली 25 ट्रेनें तीन महीने तक रहेंगी रद्द, आदेश 1 दिसंबर से प्रभावी

सीएम ने कहा कि सड़क की धूल दिल्ली में वायु प्रदूषण का प्रमुख कारण है और सर्दियों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिलता है। ऐसे में आधुनिक तकनीक से लैस मशीनों के जरिए सड़क की सफाई और धूल नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। मशीनों के संचालन के लिए निर्धारित कार्य अवधि और दैनिक सफाई लक्ष्य तय होंगे। इससे कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।

पहले चरण में रवाना की गई 10 मशीनों में एक बड़ी सीएनजी संचालित मशीन और नौ मध्यम क्षमता वाली इलेक्ट्रिक मशीनें शामिल हैं। इनके साथ पांच वाटर टैंकर और चार डस्ट डंप वाहन भी लगाए गए हैं। बड़ी मशीन की हॉपर क्षमता चार घन मीटर से अधिक, जबकि इलेक्ट्रिक मशीनों की क्षमता दो घन मीटर है। प्रत्येक मशीन से एक शिफ्ट में प्रतिदिन न्यूनतम 40 किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई की सफाई का लक्ष्य रखा गया है। मशीनों के रखरखाव के लिए टेंडर में 10 वर्ष की व्यवस्था भी की गई है।

एमसीडी की योजना के तहत 70 नई मशीनों में 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी संचालित मशीनें शामिल की जानी हैं। इन्हें निगम के सभी 12 जोन में चरणबद्ध तरीके से तैनात किया जाएगा। वर्तमान में एमसीडी की 66 मशीनों से प्रतिदिन करीब 2100 किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई की सफाई हो रही है। सभी नई मशीनें शामिल होने के बाद यह क्षमता बढ़कर करीब 5000 किलोमीटर प्रतिदिन हो जाएगी। इस मौके पर महापौर प्रवेश वाही, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा और आयुक्त संजीव खिरवार भी मौजूद थे।
  • Related Posts

    परिसीमन विधेयक- आज स्टालिन और शरद पवार से खरगे की मुलाकात, सोनिया गांधी भी जा सकती हैं साथ

    सपा ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप समाजवादी पार्टी ने लोकसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने निर्देश दिया…

    मन की बात: ‘युवाओं के सपनों के सामने बड़ी चुनौती बनी ड्रग्स की लत’, PM मोदी बोले- इच्छाशक्ति से जीतें जंग

    प्रधानमंत्री मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए देशवासियों से जुड़ रहे हैं और विभिन्न मुद्दों पर अपने…