प्रख्यात कवि कुमार विश्वास सोमवार को अयोध्या पहुंचे। जहां उन्होंने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। वह अंबेडकर नगर में आयोजित श्रवण धाम महोत्सव में शामिल होने पहुंचे हैं।
वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्होंने राम मंदिर पहुंचकर दर्शन पूजन किया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने कुमार विश्वास का अभिनंदन किया। वह करीब 20 मिनट तक राम मंदिर में रहे। एयरपोर्ट पर भाजपा के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने आरती उतlरकर व पारंपरिक तरीके से पांव पखारकर उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व विधायक ने पहले उनकी आरती उतारी और फिर उनके पांव धोकर तौलिये से पांव पोंछा।
रविवार को हुआ महोत्सव का आगाज: मातृ-पितृ भक्ति के केंद्र श्रवण धाम में रविवार को तीन दिवसीय महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही यहां सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है।
तमसा नदी के तट पर जलाए गए एक लाख दीप: श्रवण धाम महोत्सव में तमसा नदी के तट पर एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री के आगमन पर वाराणसी से आए 21 पुराहितों ने संगम तट पर डमरू आरती की। सुबह घने कोहरे के बीच श्रवण धाम के संगम घाट पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु, न्यायिक रंजीत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह, एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार व सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी समेत अन्य लोगों ने भगवान श्रीराम के समक्ष पूजन किया।
शाम को मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, विधायक कटेहरी, डीएम अनुपम शुक्ला, एसपी अभिजीत आर. शंकर ने महोत्सव का उद्घाटन किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि श्रवण धाम को रामायण सर्किट से जोड़ने में यह महोत्सव बड़ी भूमिका निभाएगा। पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पांच करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने के साथ महोत्सव में प्रतिभाग करने पहुंचे।








