नैनीताल जिले में रसोई गैस की किल्लत के बीच इंडेन गैस एजेंसी के लिए नई व्यवस्था की गई है। सिलिंडर की डिलीवरी करने वाले वाहन में अब जितने सिलिंडर रखे होंगे उतनी ही पर्चिंयां भी दी जाएंगी। यानि पहले बुकिंग कराने वाले को ही सिलिंडर दिया जाएगा।
नैनीताल जिले में करीब 3.50 लाख उपभोक्ता हैं। 16 से अधिक एजेंसियों के माध्यम से उन्हें गैस की डिलीवरी की जा रही है। अभी रसोई गैस का बैकलॉग 25 हजार के आसपास चल रहा है जबकि केवल हल्द्वानी के सरस मार्केट स्थित इंडेन एजेंसी का ही एक दिन में सात हजार का बैकलॉग है। एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता गैस के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं लेकिन 10 दिन से अधिक समय से बुकिंग कराने वाले लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
ठेकेदार के कर्मियों पर मनमानी का आरोप
शुक्रवार को गुड फ्राइडे के अवकाश के बावजूद गैस एजेंसियां खुली रहीं और लोग सिलिंडर पाने के लिए मशक्कत करते नजर आए। नीलियम काॅलोनी इलाके में इंडेन की गैस की गाड़ी का लोग इंतजार करते रहे लेकिन सिलिंडर नहीं मिला। लोगों के मुताबिक होम डिलीवरी वाले ठेकेदार के कर्मी मनमानी कर सिलिंडर बांट रहे हैं।
तत्काल बुकिंग से बढ़ रहा बैकलॉग
गैस सिलिंडर की डिलिवरी करने के बाद ही लोग बुकिंग करा दे रहे हैं। इससे बैकलॉग कम नहीं हो रहा है। प्रशासन के अनुसार इंडेन एजेंसी प्रबंधकों को सख्ती से डिलीवरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इंडेन गैस वितरण के लिए पहले इन और पहले आउट के तहत काम करने के निर्देश दिए गए हैं। एजेंसी से अब नाम की पर्ची के साथ ही सिलिंडर भेजने की व्यवस्था की गई है। – विवेक राय, एडीएम नैनीताल
अवकाश के बावजूद इंडेन, भारत और एचपी कंपनी के सिलिंडर बांटे गए। दो अप्रैल को 7680 घरेलू सिलिंडर मिले और 270 कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति हुई। 78 सिलिंडर पांच केजी वाले भी वितरित किए गए। – मनोज वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी
प्रदर्शन के बाद भी नहीं पहुंचे सिलिंडर
हल्द्वानी के बिठौरिया नंबर एक स्थित देवकीबिहार कालोनी में शुक्रवार देर शाम तक इंतजार करने के बाद भी इंडेन गैस सिलिंडर नहीं पहुंचे। बुकिंग के 20 दिन बाद भी सिलिंडर न मिलने से लोगों में गुस्सा है। इस मुद्दे पर पर क्षेत्र के लोग आज शनिवार को बैठक करेंगें। काॅलोनी निवासी पीएस रावत ने बताया कि उन्होंने 13 मार्च को व रमेश चंद्र पांडे ने 14 मार्च को गैस बुक कराई थी। आज तक उन्हें सिलिंडर नहीं मिला है। ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट दफ्तर में प्रदर्शन भी किया था।
आज यहां बंटेगी गैस
भगवानपुर, ब्लॉक, सरस्वती विहार, राधा विहार, कठघरिया, हिम्म्तपुर मल्ला और तल्ला, बाजर, अंबेडकरनगर, पनियाली, जीतपुर नेगी, बैड़ापोखरा, लामाचौड़, हल्दूचौड़, नवीन मंडी, काठगोदाम, हैड़ाखान, पॉलीशिट, सुभाषनगर, आवास विकास, चौफुला चौराहा, रानीबाग, शीशमहल, रामपुर रोड, कुसुमखेड़ा, गैस गोदाम रोड, नवाबी रोड, नैनीताल रोड, आदर्शनगर, आजादनगर, लालडांठ।







