नैनीताल के मंगोली क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार देर शाम व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरी एक पिकअप को पकड़ लिया जबकि चालक भाग गया। सिलिंडर से संबंधित दस्तावेज पूरे नहीं मिलने पर पुलिस ने चालक हितेश चंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। खाद्य पूर्ति विभाग ने 24 सिलिंडर जब्त कर लिए हैं। चालक के परिजनों ने पुलिस पर वसूली के आरोप लगाए हैं।
सोमवार शाम करीब आठ बजे चेकिंग के दौरान पुलिस ने मंगोली चौकी पर पिकअप वाहन को रोका। जांच में वाहन से 24 व्यावसायिक गैस सिलिंडर बरामद हुए जिन्हें काशीपुर से नैनीताल ले जाया जा रहा था। पूछताछ में चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस दौरान चालक और पुलिस के बीच देर तक बहस हुई। जब पुलिस ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही तो वह अंधेरे का फायदा उठा भाग गया। पुलिस ने मामले की सूचना खाद्य पूर्ति विभाग को दे दी। मंगलवार को कोतवाली पुलिस व विभागीय टीम मौके पर पहुंच गई। इस दौरान चौकी में पहुंचे चालक के परिजनों ने पुलिस पर उत्पीड़न और अवैध वसूली के आरोप लगाए। इससे पुलिस और चालक के परिजनों के बीच गहमागहमी भी हुई।
परिजन बोले- स्कूलों में आपूर्ति के लिए भेजे थे
चालक के परिजनों ने दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि काशीपुर से सिलिंडरों का गेट पास बना है और ये सिलिंडर नैनीताल के स्कूलों व होटलों में आपूर्ति के लिए भेजे गए थे। इस बीच यह भी सामने आया कि जिला प्रशासन ने रात आठ बजे के बाद एसओपी जारी की थी जबकि वाहन इससे पहले ही सिलिंडरों की सप्लाई के लिए रवाना हो गया था। पूरे प्रकरण में नियमों के पालन और कार्रवाई दोनों पर सवाल उठने लगे हैं। जब पुलिस ने स्कूल की लिखित डिमांड या प्रबंधन से फोन पर बात कराने की बात कही तो वे चले गए। कोतवाल हेम पंत ने बताया कि पिकअप को सीज कर दिया गया है। 24 सिलिंडर खाद्या पूर्ति विभाग को सौंप दिए हैं।
पिकअप नेहा इंडेन गैस एजेंसी की है जो पहले भी ऐसे मामले में पकड़ा जा चुका है। अवैध सिलिंडरों को जब्त कर गोदाम में रखवा दिया गया है। आवश्यक वस्तु अधिनियम व संबंधित धाराओं के तहत नेहा गैस एजेंसी के वाहन चालक मल्लीताल प्रसाद भवन निवासी हितेश चंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।– सुरेंद्र बिष्ट, क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी, नैनीताल







