उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा तीसरी बार उत्तराखंड से बार काउंसिल ऑफ इंडिया बीसीआई के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। शर्मा बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को चेयरमैन भी हैं। नवगठित बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड में हुए चुनाव में देहरादून के अधिवक्ता राजवीर बिष्ट अध्यक्ष तथा सुशीला मेहता उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
कुछ माह पूर्व उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव में 23 सदस्य निर्वाचित हुए थे तथा हाल में दो महिला अधिवक्ताओं को को ऑप्ट सदस्य बनाए जाने के बाद बुधवार को बार बीसीआई सदस्य व उत्तराखंड बार काउंसिल की कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। बीसीआई सदस्य के लिए शर्मा को 26 में से 14 व चंद्रशेखर जोशी को 12 मत मिले।
अध्यक्ष पद के लिए राजवीर को 11, कुलदीप कुमार को 8, तथा योगेंद्र सिंह तोमर को 5 प्रथम वरीयता मत मिले। दो मत अवैध पाए गए। सुशीला मेहता निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। बीसीआई सदस्य का कार्यकाल पांच जबकि प्रदेश कार्यकारिणी का एक वर्ष का रहेगा। चुनाव में आठ विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया।








