Views: 18,584
पंजाब के मानसा जिले में एक नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है। इस मामले के मुख्य आरोपी मेडिकल स्टोर मालिक को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। वहीं, परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने पंजाब सरकार के विरोध में नेशनल हाईवे जाम कर दिया है।
आरोपी अश्विनी कुमार को सालासर से हिरासत में लिया गया है। नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार को दिनदहाड़े हत्या हुई थी। झोटा ने आरोपी को एक बुजुर्ग व्यक्ति को कथित तौर पर नशीली दवाएं बेचते हुए पकड़ा था। यह घटना झोटा के लाइव फेसबुक सेशन के दौरान कैमरे में कैद हो गई थी।
हत्या के बाद आरोपी दुकानदार फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। झोटा नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाते थे। वे केमिस्ट दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का भी विरोध करते थे।