मेरठ में पुलिस ने मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश को मार गिराया है। बदमाश नईम पर परिवार के पांच लोगों की हत्या करने वाला आरोप था। मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना के समर गार्डन क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई है।
जानकारी के अनुसार, मेरठ पुलिस ने लिसाड़ी गेट थाना इलाके में पांच हत्या के आरोपी बदमाश नईम को मुठभेड़ में मार गिराया है। शनिवार को तड़के तीन बजे लिसाड़ी गेट थाना इलाके में यह मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने नईम पर 50,000 रुपये का इनाम रखा हुआ था।
एसएसपी विपिन ताड़ा के अनुसार, पांच लोगों की हत्या करने वाला नईम एक शातिर अपराधी था। परिवार के पांच लोगों की हत्या के इस जघन्य मामले को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने नईम के पास से एक हथियार और कुछ अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि आरोपी नईम तांत्रिक था और पेशेवर अपराधी था। लोग उसे नईम बाबा के नाम से जानते थे। वह दिल्ली और महाराष्ट्र में हत्याएं कर चुका था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद वह नाम, वेश और जगह बदलकर रहता था। हत्या करने के बाद बीवियां भी बदल लेता था। मेरठ में उसने अपने साैतेले भाई समेत परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी थी। कई मुकदमों में नईम वांछित था।









