मद्रास हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के सांसद सु. वेंकटेशन पर तीखा हमला बोला है। जस्टिस स्वामीनाथन ने सांसद की जीवनशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह महंगी मर्सिडीज-बेंज कार से चलते हैं, ब्रांडेड कपड़े पहनते हैं और फर्स्ट एसी में सफर करते हैं, लेकिन उन्हें न्यायिक कर्तव्यों का पाठ पढ़ा रहे हैं। न्यायाधीश की यह टिप्पणी अदालत में चल रही एक अवमानना याचिका की सुनवाई के दौरान सामने आई।
जस्टिस स्वामीनाथन ने करीब छह महीने पहले चेन्नई रेलवे स्टेशन पर सांसद वेंकटेशन से हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वेंकटेशन खुद को कम्युनिस्ट नेता बताते हैं, लेकिन उनकी जीवनशैली इसके विपरीत नजर आती है। न्यायाधीश के मुताबिक, उन्होंने स्टेशन के बाहर एक मर्सिडीज-बेंज कार देखी थी। बाद में उन्हें पता चला कि उस कार से सांसद वेंकटेशन बाहर आ रहे थे। उन्होंने सांसद के महंगे कपड़ों और कार को लेकर भी सवाल उठाए। जस्टिस स्वामीनाथन ने यहां तक कहा कि उन्हें नहीं पता कि किताबों की रॉयल्टी से ऐसी जीवनशैली चल सकती है या नहीं।
जस्टिस स्वामीनाथन ने बताया कि वह चेन्नई से मदुरै जाने के लिए पांडियन एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचे थे। उस समय सांसद वेंकटेशन भी ट्रेन की ओर जा रहे थे। दोनों की मुलाकात हुई तो सांसद ने उनसे पूछा कि वह कहां जा रहे हैं। इस पर न्यायाधीश ने बताया कि वह आमतौर पर स्लीपर क्लास में यात्रा करते हैं और उनकी सीट एस3 कोच में 23 नंबर पर थी। वहीं, सांसद वेंकटेशन फर्स्ट एसी में सफर कर रहे थे। इसी अंतर का जिक्र करते हुए न्यायाधीश ने कहा कि सांसद उन्हें बता रहे हैं कि एक जज के तौर पर उन्हें क्या करना चाहिए।
कैसे शुरू हुआ जस्टिस स्वामीनाथन और सांसद के बीच विवाद?
यह विवाद कोयंबटूर स्थित पेरियार अरिवुलागम लाइब्रेरी के लिए कथित फर्जी किताबों की खरीद से जुड़ा है। एक पुस्तक विमोचन समारोह में जस्टिस स्वामीनाथन ने इस मामले पर टिप्पणी की थी और आध्यात्मिक किताबें रखने का सुझाव दिया था। सांसद सु. वेंकटेशन ने उनकी इस टिप्पणी की आलोचना की थी। इसके बाद अब अवमानना याचिका की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति ने सांसद पर पलटवार किया। उन्होंने न्यायिक कर्तव्यों पर सांसद की सलाह को उनकी अपनी जीवनशैली से जोड़कर सवाल उठाए।







