पाकिस्तान की किरकिरी! नदीम को ओलंपिक स्वर्ण जीतने में मदद करने वाले कोच पर लगाया आजीवन प्रतिबंध

 

पाकिस्तान के शीर्ष भाला फेंक एथलीट अरशद नदीम के कोच सलमान इकबाल को देश की एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ पाकिस्तान (PAAF) ने आजीवन प्रतिबंधित कर दिया है। फेडरेशन ने यह कार्रवाई पंजाब एथलेटिक्स एसोसिएशन के संविधान के उल्लंघन के आरोप में की है, जहां सलमान इकबाल अध्यक्ष के पद पर थे। बैन के बाद सलमान इकबाल अब किसी भी स्तर पर एथलेटिक्स गतिविधियों, कोचिंग या प्रशासनिक भूमिका में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। सलमान की देखरेख में ही अरशद ने 2024 में पेरिस में स्वर्ण पदक जीता था।

संविधान उल्लंघन और विवादित चुनाव की वजह से कार्रवाई
फेडरेशन के मुताबिक, यह उल्लंघन अगस्त 2025 में हुआ था जब इकबाल ने पंजाब एथलेटिक्स एसोसिएशन के चुनाव आयोजित किए, जो संगठन के नियमों के विरुद्ध थे। इस मामले की जांच के लिए सितंबर के मध्य में एक जांच समिति गठित की गई थी, जिसने 10 अक्टूबर को सलमान इकबाल पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की।
वर्ल्ड चैम्पियनशिप विवाद से जुड़ा मामला
इस फैसले का एक और पहलू टोक्यो में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप से जुड़ा माना जा रहा है, जहां अरशद नदीम का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा था। इस प्रदर्शन पर पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) ने कोच सलमान इकबाल से जवाब मांगा था। साथ ही यह भी पूछा था कि अरशद के प्रशिक्षण और यात्रा पर खर्च हुए पैसों का विवरण दिया जाए।

इकबाल ने अपने जवाब में कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि ‘पिछले एक साल से पाकिस्तान एमेच्योर एथलेटिक्स फेडरेशन ने अरशद नदीम से पूरी तरह किनारा कर लिया था। उसकी ट्रेनिंग, रिहैब और विदेशी कैंप का कोई खर्च फेडरेशन ने नहीं उठाया।’

और पढ़े  चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

खुद के खर्चे पर कराई ट्रेनिंग
सलमान इकबाल ने अपने जवाब में यह भी कहा कि उन्हें अरशद नदीम की ट्रेनिंग और रिहैबिलिटेशन के लिए अपने दोस्तों से आर्थिक मदद लेनी पड़ी। उन्होंने बताया कि दक्षिण अफ्रीका में अरशद की ट्रेनिंग और काफ मसल की चोट के बाद रिकवरी कार्यक्रम के खर्च उन्हें खुद उठाने पड़े। यह बयान फेडरेशन के अधिकारियों को नागवार गुजरा और इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई।

फेडरेशन और कोच के बीच बढ़ता टकराव
सलमान इकबाल का यह बयान कि ‘फेडरेशन ने अरशद की मदद करना बंद कर दिया है’ ने पाकिस्तान एथलेटिक्स के प्रशासनिक ढांचे पर सवाल खड़े कर दिए। फेडरेशन ने उनके इस रुख को संविधान विरोधी और अनुशासनहीन आचरण बताया। आखिरकार, जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर पाकिस्तान एथलेटिक्स फेडरेशन ने आजीवन प्रतिबंध की घोषणा कर दी।

अरशद नदीम पर प्रभाव
अरशद नदीम, जो पाकिस्तान के लिए ओलंपिक मेडल दावेदार और विश्वस्तरीय एथलीट हैं, अब अपने मुख्य कोच से वंचित हो गए हैं। यह फैसला उनके करियर की तैयारी और भविष्य की योजनाओं पर असर डाल सकता है। हालांकि, अभी तक न तो अरशद नदीम ने और न ही उनके कैंप ने इस फैसले पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है।
  • Related Posts

    चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हो रहा है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।…

    भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

    हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों के बाद बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे…