विपक्षी नेता और सांसद मंगलवार को एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च किया। हालांकि, देर शाम दिल्ली पुलिस ने राहुल-प्रियंका समेत 50 सांसदों को हिरासत में लेकर आकाशवाणी भवन में चल रहे धरने को खत्म करवा दिया। दिल्ली पुलिस सभी नेताओं को किंग्सवे कैंप ले गई। इस घटना से जुड़ी जानकारी के लिए पढ़ें अमर उजाला की यह लाइव अपडेट्स
पवन खेड़ा बोले- आज रात पीएम मोदी और अमित शाह को नहीं आएगी नींद
इंडिया गुट के सांसदों को दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा होने के बाद कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, “आज जो शब्द बोले जा रहे हैं, उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इस देश की जनता अच्छी तरह जानती है कि ऐसे शब्द बोलने वालों से कैसे निपटना है। उन्हें यह समझना चाहिए और अभी अपने तौर-तरीके सुधार लेने चाहिए। जनता उन लोगों को सत्ता से नीचे उतार देगी, जो इस समय अहंकार के घोड़े पर सवार हैं।”
पवन खेड़ा ने कहा, “नरेंद्र मोदी, ज्ञानेश कुमार, मोहन भागवत और अमित शाह आज रात सो नहीं पाएंगे और न ही आगे कभी चैन की नींद सो पाएंगे, क्योंकि उन्होंने देश के साथ विश्वासघात किया है। अगर ज्ञानेश कुमार सोचते हैं कि आज हमारे घर चले जाने से सब कुछ खत्म हो गया है, तो उन्हें समझ लेना चाहिए कि यह केवल शुरुआत है। अभी कुछ भी खत्म नहीं हुआ है।”
पुलिस की हिरासत से रिहा हुए राहुल-प्रियंका समेत 50 सांसद
राहुल-प्रियंका गांधी समेत 50 सांसदों और करीब 250 नेताओं को किंग्सवे कैंप से छोड़ा गया। पुलिस ने करीब दो घंटे बाद इन नेताओं को हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया।
राहुल गांधी बोले- एक भी देशद्रोही को बख्शा नहीं जाएगा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर हिरासत में लिए जाने का वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि लोकतंत्र के गद्दारो को बचाने के लिए बचे-खुचे लोकतंत्र को घसीटा गया है। हिसाब होगा – एक भी देशद्रोही बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा बोली- राहुल गांधी को करना था सिर्फ राजनीतिक ड्रामा
भाजपा सांसद त्रिवेदी ने आगे कहा, ”झूठ नंबर दो- चुनाव आयोग ने अपनी प्रेस रिलीज में कहा कि शाम 4 बजे उन्हें पुलिस के डीसीपी के माध्यम से पता चला कि नेता प्रतिपक्ष चुनाव आयोग से मिलना चाहते हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि उसने एक निर्धारित प्रक्रिया बना रखी है और कोई भी दल मिलना चाहे तो वह तत्काल मिलने के लिए तैयार है, लेकिन प्रतिनिधियों के माध्यम से। लेकिन उन्होंने जिद की कि वे 300 सांसदों के साथ चुनाव आयोग के परिसर में जाएंगे, जो भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ और न ही वहां इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लिए व्यवस्था है। अर्थात, यह फिर दर्शाता है कि वे वास्तव में चुनाव आयोग से मिलने के लिए तैयार ही नहीं थे। तीसरी बात- चुनाव आयोग ने कहा कि वह अपने एक वरिष्ठ अधिकारी को धरना स्थल पर भेज देगा और वहां वे अपना ज्ञापन दे सकते हैं। इसके लिए भी वे तैयार नहीं हुए। अर्थात, यह स्पष्ट है कि उनका उद्देश्य चुनाव आयोग के सामने अपनी बात रखना नहीं, बल्कि केवल राजनीतिक ड्रामा करना था।”
किंग्सवे कैंप के गेट पर चढ़ीं प्रियंका गांधी, वीडियो आया सामने
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा किंग्सवे कैंप के गेट पर चढ़ गई। इसके बाद गेट खोल दिया गया। किंग्सवे कैंप में राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य हिरासत में लिए गए नेताओं को रखा गया था। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य प्रदर्शनकारी परिसर में घुस गए।
भाजपा बोली- राहुल गांधी ने किया 300 सांसदों का झूठा दावा
भाजपा सांसद ने कहा, ”मैं फिर से दोहराता हूं। राहुल गांधी ने मिलने के लिए समय नहीं मांगा था। लेकिन जब समय दिया गया, तो वे नहीं गए। जब चुनाव आयोग ने कहा कि उनका कोई अधिकारी आकर ज्ञापन ले सकता है, तो वे इसके लिए सहमत नहीं हुए। सबसे बड़ा झूठ यह था कि कांग्रेस ने दावा किया कि उसके पास 300 सांसद हैं।”
इंडिया गुट के प्रदर्शन पर भाजपा का पलटवार, कहा- राहुल गांधी हैं झूठे नंबर 1
राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गुट के सांसदों के प्रदर्शन पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि झूठों के सरताज, अनेक प्रकार के प्रपंच और नाटकीय प्रस्तुतीकरण में माहिर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज दिनभर जो ड्रामा किया, चुनाव आयोग द्वारा औपचारिक रूप से जारी प्रेस रिलीज से उनका झूठ पूरी तरह बेनकाब हो गया। दिनभर वे देश के सामने कहते रहे कि उन्हें चुनाव आयोग से मिलने नहीं दिया जा रहा है। लेकिन चुनाव आयोग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उससे मिलने के लिए इंडी गठबंधन अथवा कांग्रेस पार्टी की ओर से किसी भी प्रकार की कोई रिक्वेस्ट प्राप्त नहीं हुई थी। यानी, यह उनका झूठ नंबर वन है।






