लेह में खुलेगा आईआईएम जम्मू कैंपस: अक्तूबर से चार साल के बीबीए की पढ़ाई, पहले बैच में 60 को मिलेगा दाखिला

लद्दाख के युवाओं को घर के पास प्रबंधन की पढ़ाई का मौका देने के लिए लेह में आईआईएम जम्मू का कैंपस शुरू होने जा रहा है। इसके लिए शुक्रवार को लद्दाख प्रशासन और आईआईएम, जम्मू के बीच समझौता (एमओयू) हुआ। अक्तूबर से यहां चार साल का बीबीए ऑनर्स शुरू होगा। पहले बैच में 60 विद्यार्थियों को दाखिला मिलेगा जबकि इसके लिए करीब 600 युवाओं ने इसमें रुचि दिखाई है। कैंपस में पढ़ाई के साथ स्टार्टअप, शोध और कौशल विकास से जुड़े काम भी होंगे।

लेह स्तिथ लोक निवास में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर हुए। आईआईएम के निदेशक प्रो. बीएस सहाय और लद्दाख प्रशासन की उच्च शिक्षा सचिव भानु प्रभा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। दोनों संस्थानों के बीच इस पहल पर बातचीत करीब दो महीने पहले शुरू हुई थी और इसी दौरान कैंपस की इमारत तैयार कर ली गई।
कैंपस में बीबीए के अलावा उद्यमिता, नवाचार, शोध और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम भी चलेंगे। आईआईएम का उद्यमिता, नवाचार और कौशल विकास केंद्र लेह में काम करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। स्टार्टअप, छोटे और पारिवारिक कारोबारों को कारोबार शुरू करने और आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन देने की योजना है।
इसके अलावा करियर सलाह, शिक्षकों का प्रशिक्षण और सरकारी अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी इस साझेदारी का हिस्सा हैं। लद्दाख प्रशासन कैंपस के लिए शैक्षणिक और हॉस्टल की जगह, फर्नीचर, शिक्षकों-कर्मचारियों के रहने और परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराएगा। यहां स्मार्ट क्लास, डिजिटल पढ़ाई और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाएं भी होंगी।
लेह में आईआईएम जम्मू का कैंपस शुरू होना लद्दाख की उच्च शिक्षा के लिए अहम कदम है। घर के पास पढ़ाई का विकल्प मिलने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों को बाहर जाकर रहने, खाने और आने-जाने पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलेगी।
– विनय कुमार सक्सेना, उपराज्यपाल
और पढ़े  जियोथर्मल हीटिंग की सुविधा वाले देश के पहले एयरपोर्ट टर्मिनल का शुभारंभ, PM मोदी बोले-नई एनर्जी मिलेगी
  • Related Posts

    कन्याकुमारी से जम्मू तक धार्मिक एकता का महाकुंभ: 8 राज्यों से गुजरी मोरारी बापू की स्वस्तिक रामकथा यात्रा

    कन्याकुमारी से शुरू हुई मोरारी बापू की स्वस्तिक रामकथा यात्रा मंगलवार को जम्मू पहुंची। दक्षिण से उत्तर भारत तक आठ राज्यों के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों से गुजर रही यात्रा…

    श्रीनगर: डल झील में पेट्रोल-डीजल मोटरबोट और जेट स्की पर प्रतिबंध, प्रदूषण और घटते जलस्तर पर HC का फैसला

    जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट ने श्रीनगर की प्रसिद्ध डल झील में पेट्रोल और डीजल से संचालित सभी प्रकार की मोटरबोट्स और जेट स्की के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया…