हिमाचल: भारत में 1987 से पहले जन्मा नेपाल मूल का व्यक्ति भारतीय, देना होगा पासपोर्ट, जानें मामला

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने नागरिकता और पासपोर्ट आवेदन से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में राज्य सरकार को दो सप्ताह के भीतर नई पुलिस सत्यापन रिपोर्ट जारी करने के आदेश दिए हैं। अदालत ने कहा कि नागरिकता अधिनियम, 1955 की धारा 3 के तहत 26 जनवरी 1950 से 1 जुलाई 1987 के बीच भारत में जन्मा व्यक्ति जन्म से भारतीय नागरिक माना जाएगा।

यह मामला कुल्लू जिले के पतलीकूहल की निवासी शीतला देवी के पासपोर्ट आवेदन से जुड़ा है। शीतला देवी ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था, लेकिन क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, शिमला ने प्रतिकूल पुलिस रिपोर्ट का हवाला देते हुए उनके आवेदन पर रोक लगा दी थी। पुलिस रिपोर्ट में उन्हें नेपाली नागरिक बताया गया था।
न्यायमूर्ति संदीप शर्मा की अदालत ने शीतला देवी की याचिका का निपटारा करते हुए राज्य सरकार को नए सिरे से पुलिस सत्यापन रिपोर्ट जारी करने का निर्देश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि नई रिपोर्ट जारी होने के बाद पासपोर्ट प्राधिकारी उनके आवेदन पर कानून के अनुसार आगे विचार कर सकता है।

मामले में उपमंडलीय मजिस्ट्रेट, मनाली की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट में तहसीलदार और ग्राम पंचायत के हवाले से दावा किया गया था कि शीतला देवी और उनका परिवार नेपाल के स्थायी निवासी हैं। हालांकि, पुलिस की पूर्व जांच में स्थानीय पंचायत प्रधान ने शीतला देवी को भारतीय नागरिक बताया था और पतलीकूहल में उनके निवास की पुष्टि की थी। याचिकाकर्ता की ओर से अदालत के समक्ष पंचायत द्वारा जारी जन्म प्रमाणपत्र भी पेश किया गया। इस प्रमाणपत्र के अनुसार शीतला देवी का जन्म 3 मई 1972 को पतलीकूहल, मनाली में हुआ था।

अदालत के समक्ष रखे गए रिकॉर्ड और नागरिकता अधिनियम की संबंधित व्यवस्था को देखते हुए मामले में नई पुलिस सत्यापन रिपोर्ट जारी करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद पासपोर्ट कार्यालय नई रिपोर्ट के आधार पर आवेदन पर कानून के अनुसार निर्णय ले सकेगा।

और पढ़े  कुल्लू में दशहरा उत्सव: 200 देवी-देवता रवाना, 21 अक्तूबर को भगवान रघुनाथ की भव्य रथयात्रा के साथ होगा शुभारंभ
  • Related Posts

    हमीरपुर: लाहौल-स्पीति में 20 जगह लगेंगे मॉनिटरिंग सिस्टम, पानी के स्तर से पता चलेगी ग्लेशियर पिघलने की रफ्तार

    हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियरों के पिघलने से होने वाले बदलावों का आकलन अब भूजल स्तर, तापमान और पानी के बहाव से जुड़े आंकड़ों के आधार पर भी किया जाएगा। केंद्रीय भूजल…

    हिमाचल: धर्मशाला में नवंबर में होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया प्रस्ताव

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र नवंबर में धर्मशाला में आयोजित करने का प्रस्ताव है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव की अंतिम…