अभी मार्च के महीने में 13 दिन शेष हैं और देश के कई राज्यों में तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। मंगलवार (18 मार्च) को राजधानी दिल्ली में तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अभी से आने वाले महीने में कई राज्यों के लिए लू की चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। राजधानी दिल्ली में अप्रैल की शुरुआत में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि होने की आशंका जताई गई है। बढ़ती गर्मी कई गंभीर बीमारियों का भी कारण बन सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा, सभी लोगों को अभी से सावधान हो जाने की आवश्कता है। देश के कई हिस्सों में जिस तरह की गर्मी महसूस की जा रही है, ये मई-जून में रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
बढ़ता तापमान स्वास्थ्य के लिए कई प्रकार से चुनौतीपूर्ण हो सकता है, डॉक्टर्स ने अभी से सभी लोगों को अपनी सेहत को लेकर सावधानी बरतते रहने की सलाह दी है।
125 साल में सबसे गर्म थी इस बार की फरवरी
इससे पहले यूरोपियन कॉपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस (सी3एस) ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि पिछला महीना यानी फरवरी 125 साल में अब तक का तीसरा सबसे गर्म फरवरी का महीना था। इस दौरान सतह के पास तापमान 1850 से 1900 की तुलना में 1.59 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
विशेषज्ञ कहते हैं, जलवायु परिवर्तन की वजह से वैश्विक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है, इससे गंभीर बीमारियों के बढ़ने का भी खतरा हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अलर्ट करते हुए कहा है कि अभी से ही देश के कई हिस्सों में जिस तरह की गर्मी महसूस की जा रही है, ये मई-जून में रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
अप्रैल से ही तपने लगेगी दिल्ली?
राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से तापमान 30-31 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक मार्च के अंत तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अप्रैल के अंत तक तापमान 45 तक पहुंचने की आशंका है।

