प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी समागम व गीता महोत्सव में शामिल होंगे। उनके स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। प्रधानमंत्री दोपहर बाद चार बजे ज्योतिसर में पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री छठी बार धर्मनगरी आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी हेलिकॉप्टर के जरिये पिहोवा रोड पर करीब 170 एकड़ में बनाए गए समागम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां से गीता उपदेश स्थली तीर्थ परिसर में ही बनाए गए महाभारत अनुभव केंद्र में सड़क मार्ग से पहुंचेंगे। यहां केंद्र का अवलोकन करेंगे और करीब दो करोड़ की लागत से तैयार किए गए पंचजन्य समारक का भी उद्घाटन करेंगे। 15 से 20 मिनट के इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वापस समागम स्थल पर पहुंचेंगे, जहां गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेकेंगे और कीर्तन का श्रवण भी करेंगे। इसके बाद संबोधन करेंगे जिसके बाद वे सड़क मार्ग के जरिये ही पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर पहुंचेंगे, जहां वे करीब 10 मिनट तक ही रहेंगे।







