ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा: ऑस्ट्रेलिया को तीन बार बनाया चैंपियन

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। इसके साथ ही एक दशक से ज्यादा लंबे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया। 38 वर्षीय मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 286 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 7226 रन बनाने के साथ 136 विकेट भी हासिल किए। ‘द बिग शो’ के नाम से मशहूर मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की 2015 और 2023 वनडे विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य रहे। इसके अलावा वह 2021 में टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा थे।

क्या बोले मैक्सवेल?
मैक्सवेल ने ‘द फाइनल वर्ड पॉडकास्ट’ पर अपने संन्यास को लेकर कहा, ‘यह फैसला थोड़ा दुखद है, लेकिन कहीं न कहीं इसकी उम्मीद भी थी। मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ विक्टोरिया के लिए 50 ओवर और चार दिवसीय घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास का एलान कर रहा हूं। रेड बॉल क्रिकेट को पूरी तरह छोड़ने का फैसला शायद किसी को चौंकाने वाला नहीं होगा।’

2012 में किया था डेब्यू
ग्लेन मैक्सवेल ने साल 2012 में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, शानदार पावर हिटिंग और अनोखे शॉट्स के दम पर दुनिया के सबसे खतरनाक व्हाइट-बॉल बल्लेबाजों में अपनी पहचान बनाई। मैक्सवेल अपनी बल्लेबाजी से किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते थे। गेंदबाजी में उपयोगी ऑफ स्पिन और मैदान पर बेहतरीन फील्डिंग ने उन्हें एक संपूर्ण ऑलराउंडर बनाया।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रिकॉर्ड
मैक्सवेल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच शतक लगा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ वह भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से इस प्रारुप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने कई मौकों पर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनका योगदान ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बेहद अहम रहा।
अफगानिस्तान के खिलाफ खेली थी ऐतिहासिक 201 रन की पारी
मैक्सवेल के करियर की सबसे यादगार पारियों में 2023 वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 201 रन की पारी शामिल है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया 292 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहा था। एक समय ऑस्ट्रेलियाई टीम 91 रन पर सात विकेट गंवाकर हार की कगार पर पहुंच गई थी। इसके बाद मैक्सवेल ने ऐंठन और शारीरिक परेशानी के बावजूद 128 गेंदों पर नाबाद 201 रन की ऐतिहासिक पारी खेली और टीम को तीन विकेट से जीत दिला दी। उनकी इस पारी को वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार पारियों में गिना जाता है।

2017 में खेला था आखिरी टेस्ट मैच
मैक्सवेल का टेस्ट करियर अपेक्षाकृत छोटा रहा। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल सात टेस्ट मुकाबले खेले। उनका आखिरी टेस्ट मैच साल 2017 में था। इसके बाद वह मुख्य रूप से सीमित ओवरों के क्रिकेट पर ही ध्यान केंद्रित करते रहे, जहां उनका प्रदर्शन ज्यादा प्रभावशाली रहा। उन्होंने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था। वनडे में उनके नाम 3990 रन दर्ज हैं। वहीं, उनका आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इस साल फरवरी में ओमान के खिलाफ था।

और पढ़े  प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई: दिल्ली-एनसीआर में 50 फीसदी कर्मचारी करेंगे वर्क फ्रॉम होम, पढ़ें पूरी जानकारी
  • Related Posts

    प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता: नोएडा के सेक्टर 62 में एक्यूआई 400 के पार दर्ज, जहरीली हवा में सांस लेना मुश्किल!

    नोएडा के सेक्टर 62 में एक्यूआई 404 दर्ज किया गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। सेक्टर 39 और सेक्टर 150 में एक्यूआई का स्तर क्रमशः 365 और 343…

    विपक्ष के मार्च पर BJP का पलटवार, कहा- इंडिया ब्लॉक की महारैली फ्लॉप रही,40% जगह खाली थी

    दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने रैली में भीड़ जुटाने…