खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामपुर तिराहा बरवाड़ा मजरा स्थित गोदाम में छापा मारकर सफेद अंडे के काला कारोबार का खुलासा किया है। यहां चाय की पत्ती और कत्थे के रंग से सामान्य अंडे को देसी बनाया जाता था। साथ ही उसे करीब तीन गुने दामों पर बेचा जा रहा था। टीम ने 45360 रंगीन और 35640 सफेद अंडों के साथ चाय की पत्ती, कत्था, सिंदूर, कलर समेत अन्य सामान बरामद कर गोदाम सील कर दिया है। पुलिस ने व्यवसायी को हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा व्यवसायी के अंडों की ब्रिकी पर रोक लगा दी गई है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव को सफेद अंडे के काले कारोबार की गोपनीय सूचना मिली। इसके बाद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रामपुर तिराहा बरवाड़ा मजरा स्थित अंडा व्यवसायी अल्लाह खां के गोदाम पर छापा मारा। यहां टीम को 45360 रंगीन और 35640 सफेद अंडे मिले।









