हरियाणा में उफनाईं नदी-नालों व लगातार हो रही बारिश अब तबाही मचाने लगी है। मंगलवार से अब-तक को बारिश जनित हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बह गया। इनमें चार की मौत तो केवल करंट से हुई। जलभराव व सड़क धंसने से हिसार व यमुनानगर में दो नेशनल हाईवे पर यातायात रोकना पड़ा।
करनाल में शेरगढ़ टापू का पुल डूबने से करनाल का सहारनपुर से संपर्क कट गया है। गुरुग्राम में तो चार अंडरपास बंद कर दिए गए हैं। इसी तरह यमुनानगर के लापरा गांव की मुख्य सड़क और खेत हुए जलमग्न होने से आवाजाही पूरी तरह से बंद है।
फतेहाबाद के भूना में कुलां मार्ग पर पानी भरने से बंद किया गया है। जलभराव के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम लगा रहा है। गुरुग्राम में भी छह घंटे जाम जैसी स्थिति रही। दूसरी ओर पांच दिन बाद भी नदियों का जलस्तर कम नहीं हुआ। पानीपत में यमुना, कुरुक्षेत्र में मरकंडा लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं जबकि कैथल के गुहला-चीका में घग्गर का जलस्तर 22 फीट पर पहुंच गया है।
हथिनीकुंड बैराज से मंगलवार को 1,53,767 क्यूसेक पानी छोड़ा
नदी किनारे लगते गांवों को बैराज से हर घंटे खतरे का सायरन बजाकर चेतावनी दी जा रही है। दिल्ली में भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है। बैराज के सभी 18 गेट खुले हुए हैं। भिवानी में तीन और सिरसा जिले में मंगलवार को दो ड्रेनें टूट गई हैं। हालांकि अंबाला में सोम और टांगरी नदियां स्थिर हैं।
गुरुग्राम के कार्यालयों में आज भी वर्क फ्राॅम होम
बारिश व बाढ़ जैसे हालात से तीन दिन और राहत की उम्मीद कम है। मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ ने तीन सितंबर को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 4 व 5 को भी हरियाणा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना रहेगी।
बिगड़ते हालात देखते हुए कैथल में एसडीआएफ व एनडीआरआफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं, जबकि सोनीपत, सिरसा व करनाल में टीमों को बुलाया गया है। सरकार ने इसकी मंजूरी भी दे दी है। सभी जिलों में पटवारी, ग्राम सचिव व ग्रामीण ठीकरी पहरे दे रहे हैं। फतेहाबाद में बाढ़ की आशंका के मद्देनजर तीन डीएसपी, 350 पुलिसकर्मी बचाव के लिए तैनात किए गए हैं।
वहीं, राज्य सरकार की ओर से सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हालात पर नजर बनाए रखें। सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर रखें। आपात स्थिति में यदि किसी जिले को एसडीआरएफ यानी स्टेट डिजास्टर टीम की आवश्यकता पड़ती है तो तुरंत मुख्यालय को सूचित करें।
हिसार में एक बाइक पर जा रहे थे चार युवक, तीन की करंट से मौत, 10 से अधिक जगह घर-दीवारें गिरीं
हिसार में मिर्जापुर रोड पर मंगलवार को 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार टूटकर बाइक सवार 4 युवकों पर गिर गई। इससे 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चारों एक ही बाइक पर जा रहे थे। पीछे की सीट पर बैठे इनके एक साथी का बचाव हो गया। सदर थाना पुलिस ने बिजली निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का केस दर्ज किया है। चारों लोग आपस में रिश्तेदार हैं। वहीं, गुरुग्राम के महावीरपुरा में एक व्यक्ति की करंट से मौत हो गई। पानी भरे रास्ते से गुजरने के दाैरान उसने एक दुकान की लोहे के ग्रिल को छू लिया।
मृतक शीलू मध्य प्रदेश के भिंड जिले के तेजपुरा गांव का रहने वाला था। इसके अलावा रोहतक के सैंपल गांव व सोनीपत के चिटाना गांव, कुरुक्षेत्र के लाडवा व थानेसर में एक-एक घर की छत गिर गई। झज्जर की राधा स्वामी कॉलोनी में एक घर की दीवार गिर गई। नारनौंद में एक मकान की छत गिरने से महिला रायशा (33) की मौत हो गई, जबकि उसका पति और तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बरवाला में छत गिरने से दो बच्चे घायल हो गए। करनाल के इंद्री में यमुना के बहाव में ईख बांध रहा यूपी के सहारनपुर के दबकौरा का श्रमिक मुस्तकीम (35) बह गया है।








