पाकिस्तान में मंगलवार सुबह भूकंप आया। इसकी तीव्रता 4.1 थी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप सुबह 7 बजकर 46 मिनट 31 सेकंड पर आया। भूकंप का केंद्र 28.221 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 66.777 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। इसकी गहराई जमीन से 17 किलोमीटर नीचे थी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। फिलहाल इस जानकारी में किसी तरह के जान-माल के नुकसान का जिक्र नहीं है।
धरती के भीतर सात प्लेट्स हैं, जो लगातर घूमती रहती हैं। जिस स्थान पर प्लेट्स की टक्कर होती है, उस जगह को फॉल्ट लाइन कहा जाता है। पृथ्वी के अंदर स्थित टेक्टोनिक प्लेटों के खिसकने, आपस में टकराने या रगड़ खाने से ऊर्जा उत्पन्न होती है। जब प्लेटों के टकराने से ज्यादा ऊर्जा निकलती है, तो धरती की सतह पर कंपन पैदा होता है। जिस स्थान पर प्लेट्स टकराती हैं, उस स्थान पर सबसे अधिक भूकंप का असर होता है। लेकिन जब भूकंप की तीव्रता अधिक होती है तो इसके झटके काफी दूर तक महसूस किए जाते हैं।
कैसे मापते हैं भूकंप की तीव्रता
वैज्ञानिक भूकंप की तीव्रता मापने के लिए रिक्टर स्केल का इस्तेमाल करते हैं। जब भूकंप आता है, पृथ्वी के नीचे से ऊर्जा तरंगे बाहर आती हैं। उन्हें रिक्टर स्केल से मापा जाता है। इसके बाद ही यह पता लगता है कि भूकंप की तीव्रता कितनी थी और इसका केंद्र कहां पर था।





