देहरादून: चलती कार से तमंचा लहराने का वीडियो वायरल, 3 युवक हिरासत में लिए, जांच में निकली खिलौना पिस्टल

राजपुर रोड पर चलती कार से तमंचा लहराकर रौब झाड़ना तीन युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार की पहचान कर उसमें सवार तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में वीडियो में दिख रहा हथियार खिलौना पिस्टल निकला, जिसे युवक दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे।

मामला कोतवाली डालनवाला क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्विफ्ट डिजायर कार में सवार एक युवक सड़क पर चलते हुए कार से बाहर पिस्टल लहराता दिखाई दे रहा था। सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह हथियारनुमा वस्तु लहराने से लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बनने की आशंका थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस को संबंधित युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे
इसके बाद डालनवाला पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन स्वामी का पता लगाया और कार सवार युवकों को थाने लाकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल असली तमंचा नहीं, बल्कि खिलौना थी। युवक इसे दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे।
पुलिस के अनुसार, खिलौना पिस्टल होने के बावजूद सार्वजनिक सड़क पर उसे इस तरह लहराने से लोगों में भ्रम और भय की स्थिति पैदा हो सकती थी। पुलिस इस मामले में संबंधित युवकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, युवकों की पहचान शशांक कुमार और अक्षय कुमार निवासी डीएल रोड, डालनवाला और अर्पित गुप्ता निवासी सीमेंट रोड, डालनवाला के रूप में हुई है।
रील के चक्कर में न करें ऐसी हरकत
दून पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर रील बनाने और प्रसिद्धि पाने के लिए इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का व्यवहार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़े  उत्तराखंड: प्रदेश कांग्रेस का चुनावी अभियान अटका, राहुल और प्रियंका का इंतजार, नहीं शुरू हो पा रहा प्रचार
  • Related Posts

    उत्तराखंड: प्रदेश कांग्रेस का चुनावी अभियान अटका, राहुल और प्रियंका का इंतजार, नहीं शुरू हो पा रहा प्रचार

    उत्तराखंड की सियासत में पिछले 10 साल से सत्ता से बाहर कांग्रेस 2027 में वापसी के लिए नए प्रयोग करने की तैयारी में है, लेकिन वरिष्ठ नेताओं से रैली की…

    मुक्तिधाम में एक साथ जलीं चार चिताएं: पंचतत्व में विलीन हुए दो सैनिक और उनकी पत्नियां

    सोमवार दोपहर बाद कोटद्वार के मुक्तिधाम का वह मंजर शायद ही कोई कभी भुला पाए। चार चिताएं एक साथ जलीं तो हर किसी का कलेजा कांप उठा। एक ओर दो…