देहरादून: दिवाली पार्टी के लिए दोस्तों के साथ गया किशोर, सुबह फोन आया-तुम्हारे बेटे का शव मोर्चरी में पड़ा है

दिवाली की खुशियां मनाने के लिए घर से दोस्तों के साथ निकला 15 वर्षीय अर्श अंसारी अगले दिन अपने घर नहीं, बल्कि मोर्चरी पहुंचा। जिस दोस्त के घर दिवाली मनाने के लिए उसे बुलाया गया था, उसी के दोस्तों पर अर्श के पिता ने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता नदीम अंसारी के मुताबिक, आठ नवंबर को दोस्त श्रेयस ममगाईं ने अर्श को दिवाली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था।

 

श्रेयस और उसके माता-पिता ने भरोसा दिलाया था कि त्योहार मनाने के बाद रात में ही अर्श को घर छोड़ दिया जाएगा। लेकिन रातभर बेटा घर नहीं लौटा। पिता ने फोन किया तो बताया गया कि वह सुबह आ जाएगा। अगली सुबह श्रेयस की मां का फोन आया और उन्होंने बताया कि अर्श मोर्चरी में मृत पड़ा है। जब पिता वहां पहुंचे तो बेटे के शरीर पर चोटों के कई निशान थे। उन्होंने चाकू से वार किए जाने के निशान होने की बात भी कही है।

 

श्रेयस की मां का फोन आया कि उनका बेटा मोर्चरी में मृत पड़ा
नदीम अंसारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे उनकी बेटे अर्श से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस वक्त अर्श दोस्तों के साथ था। उसने पिता से बातचीत की तो उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। इसके बाद नदीम सो गए। उन्हें क्या पता था कि जिस बेटे को उन्होंने दोस्तों के साथ दिवाली मनाने भेजा है, वह फिर कभी घर नहीं लौटेगा। नदीम के मुताबिक, देर रात तक बेटा घर नहीं लौटा तो उन्होंने फोन किया। इस पर बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा। लेकिन सुबह श्रेयस की मां का फोन आया कि उनका बेटा मोर्चरी में मृत पड़ा है।

और पढ़े  देहरादून: मोहब्बेवाला हादसे में 4 की मौत के बाद एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी पर मुकदमा, ढलान को बताई गई वजह

नदीम ने बताया कि मोर्चरी पहुंचने पर बेटे के शरीर पर काफी चोटें मिलीं। उन्होंने चाकू से वार के निशान होने का भी आरोप लगाया। पिता का कहना है कि इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सुबह करीब छह बजे परिवार को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि सभी लड़के 16-17 साल के हैं, लेकिन इससे अपराध की गंभीरता कम नहीं हो जाती। परिवार को सिर्फ न्याय चाहिए और मारपीट में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

 

नेहरू कॉलोनी में दोस्त के घर मनाने गया था दिवाली
अर्श अंसारी सहस्त्रधारा रोड स्थित केवल विहार का रहने वाला था। आठ नवंबर को उसके दोस्त श्रेयस ममगाईं ने उसे नेहरू कॉलोनी स्थित अपने घर पर दिवाली मनाने के लिए बुलाया था। नदीम अंसारी ने बताया कि बेटे को भेजने से पहले उन्होंने श्रेयस और उसके माता-पिता से फोन पर बात की थी। इस दौरान उन्हें आश्वस्त किया गया कि अर्श को रात में दिवाली मनाने के बाद घर वापस भेज दिया जाएगा। भरोसा होने पर उन्होंने बेटे को दोस्त के घर जाने की अनुमति दे दी। बताया जा रहा है कि रात 12 बजे तक अर्श अपने दोस्तों के साथ ही था। सभी ने साथ में खाना खाया और पटाखे जलाकर दिवाली मनाई। इसके बाद अर्श की अपने पिता से फोन पर बात हुई। यह बातचीत पिता के लिए बेटे से आखिरी बातचीत साबित हुई। रात अधिक होने पर जब अर्श घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने फोन किया। इस पर उन्हें बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा। परिवार ने भी यही समझा कि त्योहार के चलते देर हो गई होगी और बेटा सुबह लौट आएगा।

और पढ़े  उत्तराखंड: त्योहारी सीजन में चलेंगे कई स्पेशल ट्रेनें, हरिद्वार और रुड़की समेत प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

 

सूरी चौक के पास पुराने विवाद में भिड़े किशोर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रातभर दिवाली मनाने के बाद तड़के करीब तीन बजे अर्श अपने दोस्त फहीम और अन्य साथियों के साथ कार से नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के सूरी चौक के पास पहुंचा था। यहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी किसी बात को लेकर कहासुनी हो चुकी थी। ऐसे में आमना-सामना होते ही पुराना विवाद फिर से शुरू हो गया। इसी दौरान अर्श अपनी कार का दरवाजा खोल रहा था। आरोप है कि दरवाजा दूसरे पक्ष के एक युवक के पैर से टकरा गया। इस बात पर युवक ने अर्श को धक्का दे दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि श्रेयस, मंकू और उनके साथ मौजूद अन्य किशोरों ने अर्श को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मारपीट में शामिल अधिकांश लड़के 16 से 17 साल के हैं।

 

 

 

दोस्तों को छोड़ अर्श को घसीटकर दूर तक ले गए हमलावर

परिजनों की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने अर्श के साथ मौजूद अन्य दोस्तों को छोड़ दिया और उसे निशाना बनाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावर अर्श को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गए और उसके साथ मारपीट करते रहे। इस दौरान उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पिता की शिकायत में शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान होने का भी जिक्र है। आरोप है कि अर्श की हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में छोड़ दिया गया और हमलावर वहां से फरार हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना के दौरान किसने क्या भूमिका निभाई और अर्श को अस्पताल कौन लेकर पहुंचा, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

और पढ़े  राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह: अमित शाह बोले- किसी पर्यटक से उत्तराखंड पुलिस की बुराई नहीं सुनी

 

 

खून से सनी मिली कार की पिछली सीट

घटना के बाद अर्श जिस कार में सवार था, उसकी पिछली सीट खून से सनी हुई बताई जा रही है। इसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। परिजनों के अनुसार, अर्श के साथ हुई मारपीट के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही कार और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि वारदात के बाद अर्श को अस्पताल तक कैसे पहुंचाया गया और उसमें कौन-कौन शामिल था।

 

 

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की भूमिका खंगाल रही पुलिस

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अर्श के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। मामले में पिता की शिकायत के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना में शामिल बताए जा रहे किशोरों और अन्य युवकों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। सीओ डालानवाला नितिन लोहानी का कहना है कि साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    असम: गुवाहाटी के नजदीक कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह कोच पटरी से उतरे, कई यात्री घायल, बचाव अभियान जारी

    असम के गुवाहाटी के बाहरी इलाके में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के कम से कम छह डिब्बे पटरी से…

    उत्तराखंड: गो पालन योजना में सामान्य वर्ग को अनुदान का इंतजार, शासनादेश हुआ पर SOP जारी नहीं हो पाई

    प्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए संचालित राज्य सेक्टर योजना के तहत सामान्य वर्ग के पशुपालकों को अनुदान का लाभ मिलने का इंतजार है। योजना के विस्तार को…