देहरादून- रेखा आर्या प्रकरण: सतेंद्र की गिरफ्तारी से खुलेंगे गिरधारी के राज, नेपाल भागा, जांच में सामने आए अहम सुराग

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में जुटी विशेष जांच टीम (एसआईटी) अब उनके करीबी सतेंद्र राठौर की तलाश में दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि सतेंद्र की गिरफ्तारी से गिरधारी के ठिकानों, संपर्कों और मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। जांच के दौरान एसआईटी को गिरधारी की आवाजाही और उनके करीबियों से जुड़े कुछ नए तथ्य भी मिले हैं। वहीं, पुलिस ने गिरधारी की एक करीबी युवती से भी पूछताछ की है।

जांच में सामने आया है कि गिरधारी बरेली से निकलकर बस्ती पहुंचे और इसके बाद सनौली बॉर्डर के रास्ते नेपाल में प्रवेश कर गए। एसआईटी उनकी तलाश में छह से अधिक संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन अब तक उनका पता नहीं चल पाया है। टीम अब उनके संपर्क में रहे लोगों की भूमिका और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। इसी क्रम में सतेंद्र राठौर की तलाश तेज की गई है। एसआईटी को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में गिरधारी की फरारी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
रेखा आर्या की शिकायत पर कैंट थाने में 15 अक्तूबर को गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, धोखाधड़ी और दस्तावेज में कथित जालसाजी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंत्री ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप भी लगाया है। इस ऑडियो को एसआईटी फॉरेंसिक जांच के लिए भेज चुकी है।

एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी अब तक पांच लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। कुछ करीबियों को देहरादून बुलाकर भी पूछताछ की गई है। टीम बरेली और अन्य स्थानों से जुटाए गए दस्तावेज और बयानों का मिलान कर रही है। जांच का फोकस गिरधारी के नेटवर्क, उनके करीबियों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक पुष्टि पर है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि टीम मामले की जांच कर रही है। कई अहम साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

और पढ़े  उत्तराखंड: मुख्यमंत्री बनने के बाद पांचवीं बार पंचूर गांव पहुंचे योगी आदित्यनाथ, किए मां के अंतिम दर्शन

पूछताछ में आया सतेंद्र का नाम
पुलिस सूत्रों की मानें तो एसआईटी जांच में अब तक हुए बयानों में सतेंद्र का नाम सामने आया है। सतेंद्र को गिरधारी का करीबी माना जाता है और उसे कंपनियों के रिकॉर्ड से लेकर अन्य संपत्ति की जानकारी है। पुलिस का मानना है कि सतेंद्र से पूछताछ के बाद मामले में कई अहम सुराग मिल सकते हैं। इसलिए पूछताछ के लिए उसकी तलाश की जा रही है।

  • Related Posts

    मुक्तिधाम में एक साथ जलीं चार चिताएं: पंचतत्व में विलीन हुए दो सैनिक और उनकी पत्नियां

    सोमवार दोपहर बाद कोटद्वार के मुक्तिधाम का वह मंजर शायद ही कोई कभी भुला पाए। चार चिताएं एक साथ जलीं तो हर किसी का कलेजा कांप उठा। एक ओर दो…

    लालकुआं: लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ, CM धामी ने प्रहलाद सिंह मेहरा के परिजनों को किया सम्मानित

    मुख्यमंत्री धामी सोमवार को करीब पौने तीन बजे बिंदुखत्ता पहुंचे। सरस्वती शिशु मंदिर मैदान, संजय नगर में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में पहुंचने पर उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया…