देश के विविध भौगोलिक क्षेत्रों, संस्कृतियों और परंपराओं को करीब से जानने के उद्देश्य से सिद्धांत सिसोदिया बाइक से भारत भ्रमण पर निकले हैं। दो अक्तूबर को श्रीनगर, कश्मीर से शुरू हुआ उनका सफर अब केरल के अलप्पुझा तक पहुंच चुका है। बाइक पर अकेले निकले दून के सिद्धांत का लक्ष्य कन्याकुमारी पहुंचने के बाद देश के कई प्रमुख शहरों से होते हुए तीन नवंबर तक देहरादून लौटना है।
सिद्धांत का कहना है कि अकेले मोटरसाइकिल से लंबी दूरी तय करना उनके लिए रोमांच के साथ खुद को चुनौती देने का भी अवसर है। इस दौरान उन्हें अलग-अलग जगहों की जीवनशैली को समझने, अनजान स्थानों को तलाशने और विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों से मिलने का मौका मिल रहा है। सिद्धांत अपनी इस यात्रा के अनुभवों को तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से दर्ज कर रहे हैं।








