प्रॉपर्टी विवाद में झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताने वाले इस व्यक्ति ने पीड़ित से 50 हजार रुपये अपने बताए बैंक खाते में जमा करा लिए थे।
पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्तूबर को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह कई वर्षों से प्रॉपर्टी का काम कर रहे हैं और चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर संपर्क किया। उसने खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए संपत्ति से जुड़े मामले में बात करने की बात कही।
शिकायत के साथ पीड़ित ने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और रकम जमा करने का प्रमाण भी पुलिस को दिया। इसके आधार पर पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी संख्या 773/26 दर्ज की गई। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में की। पुलिस ने 19 अक्तूबर की रात उसे आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कई राज्यों में भी दर्ज हैं प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुज अग्रवाल निवासी द्वारिकापुरी, क्लेमेनटाउन, मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश है। वह पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट, अमानत में खयानत, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत विभिन्न आरोपों में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मध्य प्रदेश में चार, पंजाब और ओडिशा में एक-एक और गुजरात में भी एक प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से इन मामलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस बरामद मोबाइल फोन में मिले वीडियो की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाए गए और क्या उनका इस्तेमाल किसी को धमकाने या ब्लैकमेल करने के लिए किया गया था। – नरेश राठौर, थाना प्रभारी पटेलनगर








