सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद पर अब मीका सिंह ने अपनी बात रखी है। 23 अक्तूबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीका ने बताया कि उन्हें इस विवाद के बारे में अपने सूरत के कार्यक्रम के बाद पता चला था। उन्होंने उसी रात दलेर मेहंदी को फोन करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। मीका ने कहा कि इस घटना से वह काफी परेशान थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कैसे बात करें।
मीका सिंह ने बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से उनसे माफी मांगी है।मीका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘आज सुबह ही मेरी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात हुई। वह मेरे बड़े भाई जैसे हैं, मेरे अच्छे दोस्त हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। जब भी मैं देहरादून जाता हूं, वह बहुत प्यार से मिलते हैं और बेहद सरल स्वभाव के हैं। दलेर पाजी और मेरे साथ उन्होंने जिस तरह से बात की, वह बहुत विनम्र और सम्मानजनक था।’
मीका ने आगे कहा, ‘उन्होंने मंत्री की ओर से माफी मांगी। मैंने उनसे कहा कि इसकी जरूरत नहीं थी, क्योंकि उनकी कोई गलती नहीं थी। लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगली बार जब मैं और दलेर पाजी उत्तराखंड आएंगे, तो हमें पूरा सम्मान दिया जाएगा।’
दलेर मेहंदी के साथ हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मीका सिंह ने एक बार फिर मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने की अपील की।उन्होंने कहा, ‘मैं इस मामले पर पहले ही बात कर चुका हूं। अब इसे खत्म करने का समय है, खासकर तब, जब मुझे उत्तराखंड के सम्मानित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का खास फोन आया। मेरी अब भी एक गुजारिश है। सुबोध जी, अगर आप दलेर जी को फोन करके माफी मांग लें, तो यह सही होगा। आपने उनकी छवि को काफी नुकसान पहुंचाया है। उन्हें शराबी कहकर आपने दुनिया भर के लोगों के मन में उनके बारे में ऐसी धारणा बना दी है। मुझे अब भी उम्मीद है कि आप माफी मांगेंगे।’
मीका ने यह भी साफ किया कि उनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘हम किसी से निजी दुश्मनी नहीं रखते। हम कोई गुंडे या झगड़ा करने वाले लोग नहीं हैं, जो मुकदमे दर्ज कराने के लिए बैठे हों। लेकिन जो हुआ, वह गलत था।’
क्या है पूरा मामला?
- सिंगर दलेर मेहंदी रविवार रात उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में परफॉर्म कर रहे थे।
- इसी दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके कार्यक्रम को बीच में रोक दिया और मंच पर ही उन्हें टोकने लगे।
- मंत्री ने सिंगर के व्यवहार पर सवाल उठाए।
- इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।








