दिपके की दोपहर 12 बजे होगी मजिस्ट्रेट के सामने पेशी
सीजेपी के संयोजक अभिजीत दिपके को आज स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) के सामने पेश किया जाएगा। इसके चलते मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीजेपी के कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, ”अभिजीत दिपके को दोपहर करीब 12 बजे मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) के समक्ष पेश किया जाएगा।”
सीजेपी के तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की कई एफआईआर
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के अन्य इलाकों में लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में कई एफआईआर दर्ज कीं। पुलिस ने बताया कि बार-बार घोषणाएं करने के बावजूद कनॉट प्लेस के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत जारी निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






