चमोली हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत सभी छह व्यक्तियों के शवों निकाल लिया गया है। सभी के शवों को घटनास्थल से रेस्क्यू कर ज्योतिर्मठ पहुंचाया गया। इसके बाद ऋषिकेश एम्स भेजा गया और वहां से हवाई मार्ग से शवों को उनके घर भेजा गया।
ऐसे हुआ था हादसा
शुक्रवार को खराब मौसम के बीच बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ क्षेत्र में पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर हाथी पहाड़ के ऊपर चांई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई थी। हेलीकॉप्टर में सवार तीर्थयात्री देश के प्रथम गांव माणा घूमने भी गए थे। इसके बाद सभी हेलीकॉप्टर से सहस्त्रधारा लौट रहे थे। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में इन छह लोगों की हुई मौत
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी की हादसे में मौत हो गई।
पायलट
कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष), निवासी दिल्ली।
यात्री
प्रतापा (41 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
अरुण सालुंके (44 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
वी.बी. शंकर गौड़ा (39 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
सुधीर के. (50 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
एच.एस. नटराजा (51 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
ज्योतिर्मठ पहुंची डीजीसीए की टीम
दुर्घटना की जांच के लिए शनिवार को डीजीसीए (नागरिक उड्डयन) की टीम पांडुकेश्वर पहुंच गई थी। आज टीम घटना स्थल पर जाएगी। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि टीम हादसे के कारणों का पता लगाएगी।








