अयोध्या: रामलला के दर्शन होंगे और भी आसान, अब 90 दिन पहले बुक कर सकेंगे दर्शन पास

रामलला के दर्शन की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं को अब अंतिम समय तक पास का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ऑनलाइन सुगम दर्शन पास व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। अब श्रद्धालु दर्शन की तारीख से 90 दिन पहले तक पास के लिए आवेदन कर सकेंगे। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पास की संख्या भी 975 से बढ़ाकर 2000 प्रतिदिन कर दी गई है।

नई व्यवस्था में सात चरणों में अग्रिम बुकिंग और दर्शन वाले दिन तत्काल पास जारी करने का प्रावधान किया गया है। इससे श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा, रेल आरक्षण और ठहरने की व्यवस्था पहले से करने में सहूलियत मिलेगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम दर्शन पास व्यवस्था को अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), आईटी विभाग और ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श के बाद नई व्यवस्था के प्रशासनिक क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं।

अभी तक सुगम दर्शन पास अधिकतम 15 दिन पहले उपलब्ध होते थे। नई व्यवस्था में यह अवधि बढ़ाकर 90 दिन कर दी गई है। पास एक साथ जारी करने के बजाय 90, 62, 30, 14, सात, तीन और एक दिन पहले के सात चरणों में उपलब्ध होंगे। इसके अलावा दर्शन वाले दिन तत्काल पास जारी किए जाएंगे। अलग-अलग चरणों में पास उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को बुकिंग के लिए किसी एक निर्धारित समय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ट्रस्ट ने ऑनलाइन पास की संख्या में भी दोगुने से अधिक की वृद्धि की है। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन उपलब्ध पासों की संख्या 975 से बढ़ाकर 2000 कर दी गई है। ट्रस्ट श्रद्धालुओं की मांग, बुकिंग की स्थिति और दर्शन व्यवस्था की समीक्षा करता रहेगा।

तकनीकी जांच के बाद मिलेगी अग्रिम पास की पुष्टि

नई व्यवस्था में ऑनलाइन बुकिंग के दुरुपयोग को रोकने के लिए सत्यापन आधारित प्रणाली भी विकसित की जा रही है। अग्रिम पास के लिए आवेदन करते ही उसकी तत्काल पुष्टि नहीं होगी। आवेदन के बाद तकनीकी सत्यापन किया जाएगा और सामान्यतः 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने संबंधी निर्णय की सूचना दी जाएगी। आवेदन जमा होना पास की पुष्टि नहीं माना जाएगा। इस प्रक्रिया से असामान्य और संदिग्ध बुकिंग गतिविधियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। हालांकि, दर्शन वाले दिन जारी होने वाले तत्काल पास की पुष्टि तुरंत की जाएगी। उन पर 24 से 48 घंटे की प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी।

 

और पढ़े  मुस्कान-साहिल को फांसी की सजा: 590 दिन बाद सौरभ को इंसाफ, 126 तारीखें, 22 गवाह, हत्या से मृत्युदंड तक टाइमलाइन

पास के नाम पर वसूली पर ट्रस्ट तक कर सकेंगे शिकायत

ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन पास पूरी तरह निःशुल्क हैं। इसके लिए किसी भी व्यक्ति को कोई शुल्क देने की जरूरत नहीं है। श्रद्धालुओं से शुल्क मांगे जाने या वसूली किए जाने की स्थिति में सीधे ट्रस्ट तक शिकायत पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए प्रत्येक पास पर शिकायत संबंधी सूचना प्रमुखता से अंकित की जाएगी। ट्रस्ट के अनुसार, शिकायत के लिए जारी मोबाइल नंबर 8009522111 को आगामी एक सप्ताह में सक्रिय करने की तैयारी है।

  • Related Posts

    वाराणसी- दर्दनाक हादसा: ट्रक ने स्कॉर्पियो में मारी टक्कर, 4 की मौत, चार घायल

    मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह करीब छह बजे भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। प्रयागराज की ओर…

    अयोध्या- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का स्वागत करते भाजपा नेत्री स्वाति सिंह

           असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत…