Post Views: 28,574
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने दो शूटरों को दबोच लिया है। पता चला है कि इस वारदात को हरियाणा के पानीपत और करनाल के शूटरों ने अंजाम दिया। पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से बेखौफ बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस को शक है कि हत्या के बाद बदमाश हरियाणा या दिल्ली की ओर भाग गए।
हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस, एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमों ने शामली के अलावा हरियाणा के रोहतक, पानीपत और सोनीपत तथा दिल्ली के खजूरी खास समेत कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान दो शूटरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस मामले में पुलिस कई संदिग्धों से पूछताछ कर उनके संपर्क और मोबाइल की लोकेशन की भी जांच कर रही है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने दावा किया है कि अब तक की जांच में अहम सुराग हाथ लगे हैं। पता चला है कि हरियाणा के करनाल और पानीपत के शूटर भी घटना में शामिल थे। इसके अलावा सीसीटीवी से भी कुछ अहम सुराग पुलिस को मिले हैं।
हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गायक की लोकेशन कर्नाटक में
अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गायक भूपेंद्र ढींगरा की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, भूपेंद्र ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था और इसे गाली का बदला बताया था।
वह मूल रूप से गुरुग्राम का रहने वाला है। जबकि उसकी लोकेशन कर्नाटक में पुलिस को मिली है। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाला भूपेंद्र वास्तव में हत्याकांड में शामिल है या नहीं। पुलिस सभी संभावित ठिकानों और संपर्कों को खंगाल रही है।
कहां भूमिगत हो गए भाजपा के सहयोगी जाट नेता: अखिलेश
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जाट समाज में व्याप्त आक्रोश और मारे गये लोकप्रिय युवा गायक अंकित बालियान के दुखी पिता की सुनेंगे या उनसे भी लखनऊ के अग्निकांड में मारे गये बच्चे की दुखी मां की तरह धमकी भरे अंदाज में ये कहकर निकल जाएंगे कि भाषण सुनने के मूड में नहीं हैं।
भाजपा सिर्फ वोटों की सगी है, जाट या किसी अन्य समाज की नहीं। आज जो जाट नेता भाजपा के साथ अपने स्वार्थवश खड़े हैं, संपूर्ण जाट समाज उनसे जवाब मांग रहा है। भाजपा के सहयोगी जाट नेता कहां भूमिगत हो गए हैं। युवा जाट आज उन्हें तलाशते फिर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग ने तो नहीं लिख दी अंकित की मौत की पटकथा
एक तरफ इंस्टाग्राम पर चल रही कथित जुबानी जंग, दूसरी तरफ लगातार वायरल होते रहे वीडियो और पोस्ट… और फिर शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोलियों से हत्या। इन घटनाओं के बीच अब पुलिस सोशल मीडिया की उस कड़ी को भी जोड़ने में जुटी है, जिसकी शुरुआत अंकित की मौत से कुछ दिन पहले हुई थी। सवाल उठ रहा है कि कहीं सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद ही अंकित की हत्या की वजह तो नहीं बना?
शामली के गांव बनतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान हरियाणवी संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके थे। गायकी के साथ वह यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय थे। उनके गानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर वह अक्सर चर्चा में रहते थे। उनके एक चर्चित गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ को लेकर भी विवाद खड़ा हुआ था और प्रशासन ने गाने पर रोक लगा दी थी।
अंकित की हत्या के बाद उनके पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें कुछ दिन पहले पोस्ट किया गया एक वीडियो भी शामिल है, जिसमें अंकित उन लोगों को कड़ी चेतावनी देते नजर आ रहे हैं, जो बार-बार उनका नाम किसी मामले से जोड़ रहे थे। वीडियो में वह खुद को वेस्ट यूपी का बताते हुए सामने वाले को खुली चुनौती देते दिखाई देते हैं।
‘चुप हूं, इसका मतलब यह नहीं कि गलती की है’
अंकित के इस वीडियो ने हत्या के बाद कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वह वीडियो में कहते नजर आते हैं कि वह चुप हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्होंने कोई गलती की है। इसके बाद वह बार-बार अपना नाम लेने वालों को चेतावनी देते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित ने यह वीडियो आखिर किस व्यक्ति या विवाद को लेकर बनाई थी और उस समय उनका किन लोगों से विवाद चल रहा था।
एएसपी सुमित शुक्ला के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच सोशल मीडिया विवाद, वायरल वीडियो, संदिग्धों की गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या
शामली शहर के बीच आर्यपुरी नाला पटरी पर कोतवाली के नजदीक बुधवार की देर शाम करीब 6:45 बजे बाइक से आए चार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग करके हरियाणवी सिंगर व एक्टर अंकित बालियान (35) की हत्या कर दी। बावरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी अंकित के जिम से बाहर निकलते के बाद गाड़ी में बैठते ही हमला किया गया। अंकित के सिर, छाती और पेट में नौ गोलियां लगी थीं।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। अंकित बालियान पिछले कुछ समय से हरियाणा के सोनीपत में रहे थे। पिछले करीब छह माह से वह शामली के अपने गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वार्ड तीन से संभावित प्रत्याशी के पोस्टर भी लगा दिए थे।
जिम में आई कॉल पर हुई बहस, बाहर निकलते ही मार दी गोली
बुधवार की शाम को अंकित अपनी स्कार्पियो से गांव से नाला पटरी आर्यपुरी स्थित जिम गए थे। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिम में अंकित को किसी ने फोन किया था। कॉल करने वाले से अंकित की तीखी बहस हुई थी।
इसके बाद वह जिम से बाहर आकर अपनी गाड़ी में बैठ गए थे। इसी बीच चारों हमलावर आए और गाड़ी का गेट खोलकर अंकित पर पिस्टलों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पांच गोलियां अंकित के शरीर में लगीं। कुछ गाड़ी के शीशे पर लगी हैं। 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग करके हमलावर बाइक से भाग गए। घायल अंकित अपनी गाड़ी से नीचे गिर गए। उनके परिचित उन्हें सीएचसी शामली ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अंकित हत्याकांड में चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अंकित बालियान की हत्या में उनके पिता सतवीर सिंह की तरफ से शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बाइक सवार चार हमलावरों पर बेटे पर फायरिंग कर हत्या की गई। जांच अधिकारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चार बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बड़े भाई राजीव ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
गांव बंतीखेड़ी निवासी अंकित बालियान की हत्या की खबर मिलने पर बृहस्पतिवार दोपहर को उनके बड़े भाई राजीव बालियान गांव में पहुंचे। राजीव बालियान राजस्थान के कोटा में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहे हैं। भाई की हत्या से दुखी राजीव बालियान ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
राजीव ने कहा कि उनकी दादी फूलमती की 25 साल पहले घर में घुस कर हत्या कर थी। आज तक इंसाफ नहीं मिला। अब भाई की बीच बाजार गोली मार कर हत्या कर दी। उन्होंने सवाल किया कि कहां है पुलिस और कहां है रामराज, सरकार रामराज की बात कहती है।