अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित किए जाने के बाद देश के प्रमुख टीवी नेटवर्क ने संयुक्त रूप से विरोध जताया है। एबीसी न्यूज, सीबीएस न्यूज, फॉक्स न्यूज मीडिया और एनबीसी न्यूज समेत व्हाइट हाउस टेलीविजन पूल के सदस्यों ने कहा कि किसी सरकार को अपनी रिपोर्टिंग पसंद न आने के कारण किसी समाचार संगठन की पहुंच सीमित नहीं करनी चाहिए।
सीएनएन के मुताबिक, व्हाइट हाउस टीवी पूल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन कार्यक्रमों की कवरेज रोक दी है, जिन्हें पूल कवरेज के लिए निर्धारित किया गया था। यह फैसला सीएनएन को उसकी निर्धारित पूल ड्यूटी पूरी करने से रोके जाने के बाद लिया गया।
ट्रंप की ओर से तीनों मीडिया संगठनों को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित किए जाने के बाद सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको ने सोमवार को अमेरिकी संघीय अदालत का रुख किया। इन संगठनों ने प्रशासन की कार्रवाई को अमेरिकी संविधान के प्रथम संशोधन के तहत मिले अधिकारों के खिलाफ बताया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों संगठन व्हाइट हाउस तक अपने पत्रकारों की पहुंच बहाल करने के लिए अस्थायी रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। मामले में इस सप्ताह आपात सुनवाई हो सकती है।
ट्रंप ने तीनों मीडिया संस्थानों पर रोक लगाने का बचाव किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह कदम स्वतंत्र प्रेस पर हमला नहीं, बल्कि उनके मुताबिक ‘फेक न्यूज’ के खिलाफ कार्रवाई है। ट्रंप ने इन मीडिया संस्थानों की रिपोर्टिंग पर भी सवाल उठाए हैं। शनिवार को प्रतिबंध लागू होने के बाद सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको के पत्रकारों को व्हाइट हाउस परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया और कुछ पत्रकारों के प्रेस पास भी वापस ले लिए गए।
प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अमेरिका में व्हाइट हाउस और मीडिया के बीच संबंधों तथा पत्रकारों की सरकारी संस्थानों तक पहुंच को लेकर बहस तेज हो गई है। प्रमुख टीवी नेटवर्कों का संयुक्त रुख और तीन मीडिया संस्थानों की कानूनी चुनौती अब इस विवाद को अदालत तक ले गई है।






