Murder Case: दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह समेत 80 गिरफ्तार, तनाव के बीच सबूत खंगाल रही CID

मोकामा विधानसभा में जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी को समर्थन देने वाले दुलारचंद यादव की हत्या के बाद अब तक 80 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इसमें जनता दल यूनाईटेड के प्रत्याशी अनंत सिंह, मणिकांत ठाकुर, रंजीत राम समेत 80 लोग शामिल हैं। पटना पुलिस ने इस हत्याकांड में चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा का कहना है कि पुलिस टीम वैज्ञानिक अनुसंधान कर रही है। जिस किसी ने भी कानून तोड़ने की कोशिश की है, सब पर कार्रवाई की जा रही है। हत्याकांड में कुछ गवाह भी सामने आए हैं। दोनों ओर से प्राथमिकी की गई है। इस कांड में शामिल कई अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। कई संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। इंटरनेट पर अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है। उनपर भी कार्रवाई होगी। लोगों से अपील है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें।

पहली प्राथमिकी दुलारचंद यादव के पोते नीरज के आवेदन पर दर्ज हुई। दूसरे पक्ष से अनंत सिंह के समर्थक जीतेन्द्र के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई। तीसरी प्राथमिकी पुलिस ने खुद दर्ज की थी। अनंत सिंह गिरफ्तार हो चुके हैं। शनिवार को पंडाकर में चौथी प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी राष्ट्रीय जनता दल के समर्थक गौतम कुमार के आवेदन पर दर्ज की गई है। जिसमें राजद प्रत्याशी वीणा सिंह के काफिले पर पथराव होने का आरोप लगाया था। इसमें भी कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
छाती में खून जमा होने से हृदयगति रूक गई थी
इधर, इस मामले में दुलारचंद के पोते ने अनंत सिंह पर पिस्टल से गोली मारने और गाड़ी से कुचलवाने का आरोप लगाया था। लेकिन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो चुका है कि गोली लगने से दुलारचंद यादव की मौत नहीं हुई और न ही वाहन चढ़ाने या सड़क हादसे के कोई साक्ष्य मिले। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुलारचंद की कोहनी व उसके ऊपर की हड्डी व पसलियां टूटी हुई थीं। इसका कारण दोनों फेफड़े फट गए थे। छाती में खून जमा होने से हृदयगति रूक गई थी। वहीं जांच में लगाई गई सीआईडी की टीम पोस्टमार्टम रिपोर्ट, लोगों के बयान, वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्य के आधार पर जांच कर रही है। 

और पढ़े  बिहार में नीतीश कुमार ने बुलाई जदयू की अहम बैठक,एमएलसी चुनाव समेत किन मुद्दों पर करेंगे बात?

पुलिस ने पूरे मोकामा विधानसभा में सुरक्षा कड़ी कर दी है
वहीं अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों में आक्रोश है। उनका कहना है कि अनंत सिंह जीत रहे हैं, इसलिए उन्हें फंसाया जा रहा है। वहीं मृत दुलारचंद यादव के परिजन अनंत सिंह को फांसी देने की मांग कर रहे हैं। इधर, पुलिस ने पूरे मोकामा विधानसभा में सुरक्षा कड़ी कर दी है। जगह-जगह पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात किए गए हैं।

अनंत सिंह बोले- यह सब सूरजभान सिंह की साजिश है
बता दें कि दुलारचंद यादव की हत्या मामले में जनता दल यूनाईटेड के प्रत्याशी बाहुबली अनंत सिंह समेत पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृत दुलारचंद यादव के पोते के लिए आवेदन पर अनंत सिंह, दो भतीजों रणवीर सिंह, कर्मवीर सिंह, करीबी छोटन सिंह और कंजय सिंह पर नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। इधर, अनंत सिंह ने कहा है कि उनके ऊपर लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं। यह सब राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी वीणा देवी के पति सूरजभान सिंह की साजिश है। उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन, जनता सब जानती है।

  • Related Posts

    बिहार: वित्त रहित विद्यालय-महाविद्यालयों के शिक्षकों-कर्मियों के लिए बड़ी खबर, 461 करोड़ रुपये का अनुदान जारी

    बिहार के वित्त रहित विद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षकों और कर्मचारियों के भुगतान के लिए अनुदानित…

    बिहार में नीतीश कुमार ने बुलाई जदयू की अहम बैठक,एमएलसी चुनाव समेत किन मुद्दों पर करेंगे बात?

    बिहार में शिक्षक-स्नातक निर्वाचन को सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल ने जब जनता दल यूनाईटेड को महागठबंधन में शामिल होकर सरकार बनाने का फिर…