प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 75वें जन्मदिन पर बुधवार को मध्य प्रदेश आ रहे हैं। यह अवसर खास इसलिए भी है, क्योंकि मोदी दूसरी बार प्रदेश की धरती पर अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 17 सितंबर, 2022 को 72वें जन्मदिन पर कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़कर प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत की थी। इस बार प्रधानमंत्री धार जिले के ग्राम भैंसोला में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यहां वे प्रदेश को कई अहम सौगातें देंगे, जिनमें देश का पहला पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क, स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान और आदि सेवा पर्व प्रमुख हैं। इस दौरान प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री देश और प्रदेश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास करेंगे। लगभग 2158 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह पार्क आधुनिकतम सुविधाओं से लैस होगा। यहां 20 एमएलडी का कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, 10 एमवीए सौर ऊर्जा संयंत्र, आधुनिक सड़कें, पानी-बिजली की पुख्ता व्यवस्था और 81 प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स विकसित की जा रही हैं। अब तक 23,146 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। इससे करीब 3 लाख रोजगार (1 लाख प्रत्यक्ष और 2 लाख अप्रत्यक्ष) सृजित होंगे। पार्क किसानों को उनकी कपास की फसल का दोगुना मूल्य दिलाने में मदद करेगा। प्रधानमंत्री का 5-एफ विजन यहां साकार होगा। कपास से धागा, धागे से वस्त्र और वस्त्र से परिधान तैयार कर उन्हें वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जाएगा। इससे मध्य प्रदेश एक नए टेक्सटाइल-हब के रूप में पहचान बनाएगा।








