निकाय चुनाव के नतीजे धामी सरकार के मंत्रियों और विधायकों के रिपोर्ट पर कार्ड पर लाल निशान लगा गए हैं। कई निकायों में मुख्यमंत्री से लेकर उनके मंत्रियों तक की प्रतिष्ठा भी दांव पर मानी जा रही थी। चुनाव प्रचार के दौरान सरकार के मंत्री खूब दौड़-धूप करते नजर आए थे, लेकिन कुछ निकायों के चुनाव परिणामों ने उन्हें असहज कर दिया है।
समाचार लिखे जाने तक जिन निकायों के चुनाव परिणाम आए थे, उनमें श्रीनगर नगर निगम और थलीसैंण नगर पंचायत में भाजपा की पराजय को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा गया। डॉ. रावत श्रीनगर विधानसभा से विधायक हैं और थलीसैंण उनका गृह क्षेत्र है। पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए डॉ. रावत ने कई दिनों तक श्रीनगर में कैंप किया। लेकिन चुनाव परिणाम पार्टी के बागी लखपत भंडारी की पत्नी आरती भंडारी के हक में गया।
सीएम के विस क्षेत्र चंपावत में भगवा बुलंद







