बड़ी कामयाबी- कुलगाम मुठभेड़: सुरक्षाबलों ने किया 6 आतंकियों का सफाया, 2 जगह हुई मुठभेड़, राजोरी में जवान घायल

Spread the love

बड़ी कामयाबी- कुलगाम मुठभेड़: सुरक्षाबलों ने किया 6 आतंकियों का सफाया, 2 जगह हुई मुठभेड़, राजोरी में जवान घायल

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में दो अलग-अलग जगहों पर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। ताजा जानकारी के अनुसार, सुरक्षबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। इससे पहले शनिवार को चार आतंकी मार गिराए गए। ऐसे में कुलगाम में अबतक छह आतंकी मारे जा चुके हैं। हालांकि इन दोनों ऑपरेशन के दौरान जवान बलिदान हुए।

जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आरआर स्वैन ने कहा कि कुलगाम के पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम को बड़ी सफलता मिली है। यहां दो मुठभेड़ में अब तक छह आतंकवादी मारे गए हैं। एक मुठभेड़ पूरी हो चुकी है और एक जगह मुठभेड़ चल रही है।

उधर, जम्मू संभाग के जिला राजोरी में संदिग्ध रूप से चली गोली में एक जवान घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए सैन्य अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि जवान के पांव में गोली लगी है।

जानकारी के अनुसार, जिला राजोरी के मंजाकोट स्थित सैन्य कैंप में संदिग्ध रूप से चली गोली में एक जवान घायल हुआ। गोली चलने की आवाज के साथ करीब आधे घंटे तक गोलीबारी होती रही। इसके बाद घायल जवान का पता चला और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि ये जवान आतंकी हमले में घायल हुआ है या दुर्घटनावश चली गोली में। इस मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है।
कुलगाम जिले में शनिवार को दो जगहों पर मुठभेड़ शुरू हुई, जो रविवार को भी जारी है। आतंकियों के शव मुठभेड़ स्थल पर पड़े हुए हैं। ड्रोन फुटेज में इनके शव दिख रहे हैं। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है। आईजी बीके बिर्दी ने बताया कि फ्रिसल चिन्नीगाम में चार आतंकी मारे गए। इसके बाद रविवार को दो आतंकी मारे गए।

और पढ़े  क्या पश्चिम एशिया में फिर बिगड़ेंगे हालात? लाल सागर में हूती लड़ाकों ने सऊदी जहाजों को बनाया निशाना

हिजुबल के टीआरएफ गुट से जुड़े थे मारे गए आतंकी
मुठभेड़ स्थल से चार आतंकियों के शव बरामद हुए हैं। उनके कब्जे से तीन एके 47 और एक पिस्तौल बरामद की गई है। सूत्रों के अनुसार ये आतंकी हिजबुल मुजाहीदीन के गुट टीआरएफ से जुड़े हुए थे। आतंकियों की पहचान यावर बशीर पुत्र बशीर अहमद डार निवासी कैमोह, जाहिद अहमद डार पुत्र गामहौद डार निवासी यारीपोरा, तौहीद अहमद राथर पुत्र अब सतार राथर निवासी, शकील अहमद वानी पुत्र मोहम्मद शरीफ वानी निवासी कुलगाम के तौर पर हुई है। बाकी दो आतंकियों की पहचान अभी बाकी है।

ये जवान हुए वीरगति को प्राप्त
बताते हैं कि मुठभेड़ फ्रिसल चिन्नीगाम व मुदरघम इलाके में हुई। कार्रवाई में मुदरघम में पैरा कमांडो लांस नायक प्रदीप नैन तथा फ्रिसल में एक राष्ट्रीय राइफल्स के सिपाही प्रवीण प्रभाकर घायल हुए। बाद में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हालांकि, सेना की ओर से नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रविवार को दोनों बलिदानियों को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस और सुरक्षाबलों की एक टीम ने विशिष्ट इनपुट के आधार पर कुलगाम के मुदरघम इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। जैसे ही सुरक्षाबल संदिग्ध क्षेत्र की ओर बढ़े तो छिपे हुए आतंकवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई।

शुरुआती फायरिंग में सेना का एक जवान घायल हो गया। उन्हें तत्काल निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सतर्कता बरतते हुए अभियान जारी रखा। पूरे इलाके को घेर रखा गया है ताकि आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में कामयाब न हो सकें।

और पढ़े  ₹2 हजार से ज्यादा के यूपीआई पेमेंट पर क्या लग सकता है चार्ज, नए कानून से क्या बदल जाएगा?

दूसरी मुठभेड़ में क्या हुआ
दूसरी मुठभेड़ फ्रिसल चिन्नीगाम इलाके में हुई। यहां भी आतंकियों की मौजूदगी पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घेरा सख्त होने पर दहशतगर्दों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से शुरू हुई मुठभेड़ में घर में छिपे चार आतंकियों को मार गिराने में सफलता मिली।

ड्रोन फुटेज में घर के बाहर चार शव पड़े पाए गए। हालांकि, फायरिंग जारी रहने की वजह से इन शवों को बरामद नहीं किया जा सका है। मुठभेड़ शुरू होते ही दोनों स्थानों पर सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

आतंकियों की मूवमेंट लगातार हो रही ट्रैक: आईजी
फ्रिसल में मुठभेड़स्थल पर पहुंचे आईजी बीके बिर्दी ने बताया कि सुरक्षाबलों की ओर से आतंकियों की मूवमेंट को लगातार ट्रैक किया जा रहा है। यहां आतंकियों का मारा जाना सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि है। मुठभेड़ स्थल जम्मू-श्रीगर हाईवे से दूर का भीतरा इलाका है। कुछ आतंकियों के शव पड़े दिखे हैं, लेकिन अभी ऑपरेशन जारी है।

मनकोट में पाकिस्तानी गुब्बारा बरामद
पुंछ पुलिस ने मेंढर के मनकोट तहसील में शनिवार देर शाम भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित गांव घानी में जहाज नुमा पाकिस्तानी गुब्बारा बरामद किया। इस पर पीआईए पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा हुआ है। मनकोट पुलिस चौकी से टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि जिले में आए दिन इस प्रकार के पाकिस्तानी गुब्बारे बरामद होते रहते हैं।


Spread the love
  • Related Posts

    जनगणना में पूछे जाएंगे कौन से 40 सवाल?,जाति क्या, कोविड टीका कहां लगवाया?, गृह मंत्रालय ने जारी की सूची

    Spread the love

    Spread the loveकेंद्र सरकार ने जनगणना 2027 के दौरान जनसंख्या की गणना के चरण में पूछे जाने वाले 40 सवालों की सूची जारी कर दी है। सरकारी आदेश के मुताबिक,…


    Spread the love

    चीन को अमेरिकी टैरिफ से बचने में मदद कर रहे भारत समेत 40 देश, अमेरिका ने लगाया गंभीर आरोप

    Spread the love

    Spread the loveडोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत, कनाडा और यूरोपीय संघ समेत अमेरिका के 40 से ज्यादा व्यापारिक साझेदारों की पहचान की है। इन पर आरोप है कि वे एक ‘शैडो…


    Spread the love

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *