धरती से सैकड़ों किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष में तैनात एक पिता के लिए बेटी के जन्म की खबर किसी अनमोल तोहफे से कम नहीं थी। कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जोशुआ कुट्रिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर अपना पहला अंतरिक्ष मिशन पूरा कर रहे हैं, इसी दौरान उनकी पत्नी हीदर कुट्रिक ने एक बेटी को जन्म दिया। अंतरिक्ष की दूरियों के बीच परिवार में आई इस नई खुशी ने उनके छह महीने के मिशन को एक यादगार व्यक्तिगत अनुभव में बदल दिया है।
जोशुआ इतिहास में ऐसे केवल चौथे अंतरिक्ष यात्री हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर रहते हुए अपने बच्चे के जन्म के मौके से दूर रहना पड़ा है। दंपती ने कहा कि उन्हें अपने परिवार के दोबारा एकजुट होने का बेसब्री से इंतजार है। कुट्रिक का अंतरिक्ष मिशन बचपन से देखा गया उनका सपना था।
छह महीने से हैं मिशन पर
अल्बर्टा प्रांत के फोर्ट सस्केचेवान के रहने वाले जोशुआ पहले लड़ाकू विमान के पायलट और रॉयल कनाडाई वायुसेना में कर्नल रह चुके हैं। वर्ष 2017 में उनका चयन कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी में हुआ था। वह नासा के स्पेसएक्स क्रू-13 मिशन में शामिल एकमात्र कनाडाई अंतरिक्ष यात्री हैं।






