कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार की देर शाम सरयू तट भक्ति, आस्था और दीपों की दिव्य रोशनी से जगमगा उठा। कनक भवन मंदिर की ओर से आयोजित भव्य महाआरती में 5100 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरे घाट का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
कनक भवन के पुजारी दिनेश कुमार के संयोजन में संपन्न हुई इस महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। आरती के दौरान गूंजते भक्ति गीतों और जलते दीपों की छटा ने सरयू तट को अलौकिक रूप प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने मां सरयू की आरती उतारकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि व मंगलकामना की।
हर वर्ष निभाई जाती है दीपदान और महाआरती की परंपरा
पुजारी दिनेश कुमार ने बताया कि कनक भवन मंदिर की ओर से हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू तट पर दीपों की महाआरती का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और धार्मिक परंपरा से जुड़ा है।





